|

NewsLink360, Worlds No.1 News Portal

86

SL vs IND, 1st Test Day-2 Highlights: दूसरे दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर- 460/9, जानें दिनभर क्या-क्या हुआ?

Author: Ajay Kumar

Published: 16-08-2026, 11:32 PM


India vs Sri Lanka, 1st Dasy-2 Highlights: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में जारी टेस्ट मैच के दूसरे दिन का खेल खत्म हो चुका है. स्टंप्स तक भारत का स्कोर 460/9 रहा. बारिश के कारण मैच के शुरुआती डेढ़ सेशन का खेल पूरी तरह प्रभावित रहा. रुक-रुककर होती बारिश के चलते दिन में सिर्फ 43 ओवर का खेल हो सका, जिसमें भारत ने 172 रन जोड़े. श्रीलंकाई गेंदबाजों ने पहले दिन के मुकाबले आज बेहतर प्रदर्शन किया. खासकर स्पिन गेंदबाजों ने लगातार सही लेंथ पर गेंदबाजी की और भारतीय बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. इसका असर विकेटों पर भी दिखाई दिया.

दिन का खेल खत्म, भारत का स्कोर- 460/9

बारिश से प्रभावित दूसरे दिन भारत ने 460 रन पर 9 विकेट गंवा दिए. दिन में सिर्फ करीब डेढ़ सेशन का खेल हो सका, लेकिन इस छोटे से समय में श्रीलंकाई गेंदबाजों ने 7 विकेट लेकर मुकाबले में वापसी कर ली. पहले दिन के शतक के बाद देवदत्त पडिक्कल ने अपनी पारी को आगे बढ़ाया और 167 रन बनाए. श्रीलंका के डेब्यूटेंट ऑफ स्पिनर केशरा नुवानथा ने दूसरे दिन शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने भारत के तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर श्रीलंका की वापसी में अहम भूमिका निभाई. ऋषभ पंत और रवींद्र जडेजा बड़ी पारी नहीं खेल सके, लेकिन ध्रुव जुरेल ने जिम्मेदारी संभाली. उन्होंने 51 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली, जो उनके टेस्ट करियर का दूसरा अर्धशतक है. भारत के पास 500 के पार जाने का मौका था, लेकिन श्रीलंका ने लगातार विकेट निकालकर उसकी रफ्तार रोक दी. इसके बावजूद जुरेल के अलावा मानव सुथार, मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव के उपयोगी योगदान ने भारत को 460 रन तक पहुंचा दिया.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: सिराज और मानव सुथार आउट

मोहम्मद सिराज को असिथा फर्नांडो ने और मानव सुथार को प्रभात जयसूर्या ने आउट करके भारत को लगातार दो झटके दे दिए हैं. भारत का स्कोर 447/9 है. सिराज 11 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सुथार ने 24 रन बनाए.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: भारत ने पूरे के 400 रन

टीम इंडिया ने बोर्ड पर 400 रन का स्कोर लगा दिया है. 107 ओवर के बाद भर का स्कोर 415/6 है. जुरेल 43 रन बनाकर खेल रहे हैं. उनका साथ सुथार 13 रन नाबाद रहकर दे रहे हैं.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: श्रीलंका को मिला जडेजा का विकेट

तीसरे सेशन के शुरुआती आधे घंटे में भारत को बड़ा झटका लगा है. नुवानथा ने पारी का अपना तीसरा विकेट चटकाते हुए रवींद्र जडेजा को चलता कर दिया. भारत को यही छठा झटका लगा है. जडेजा 25 गेंदों में 13 रन बनाकर आउट हुए. भारत का स्कोर 377/6 है. जुरेल का साथ देने मानव सुथार आए हैं.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: टी ब्रेक तक भारत का स्कोर- 364/5

भारत ने दूसरे दिन चायकाल तक 5 विकेट के नुकसान पर 364 रन बनाए लिए हैं. रवींद्र जडेजा 4 रन और जुरेल 19 रन बनाकर नाबाद हैं. इस सेशन में भारत ने तीन विकेट गंवाए. ऋषभ पंत, केएल राहुल और देवदत्त पडिक्कल के रूप में भारत को बड़े झटके लगे.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: पडिक्कल 167 रन बनाकर हुए आउट

टीम इंडिया को बड़ा झटका लगा है. शतकवीर पडिक्कल 167 रन बनाकर पवेलियन लौट गए हैं. प्रभात जयसूर्या ने उन्हें स्टंप आउट कराया. पडिक्कल ने 230 गेंदों का सामना करते हुए शानदार पारी खेली. उन्होंने 15 चौके और एक छक्का भी लगाया. इस विकेट तक भारत का स्कोर 357/5 है. ध्रुव जुरेल का साथ देने रवींद्र जडेजा क्रीज पर आए हैं.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: भारत का चौथा विकेट गिरा

टीम इंडिया को चौथा झटका लगा है. नई गेंद मिलते ही केशरा नुवानथा ने अपनी फिरकी का जादू दिखाना शुरू कर दिया. पहले उन्होंने पंत का शिकार किया और अब राहुल को अपने जाल में फंसाया, जो शतक के करीब थे. राहुल का शॉर्ट लेग पर निशान फर्नांडो ने एक बेहतरीन कैच लपका. राहुल की पारी 82 रनों की रही. पहले दिन 77 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुए राहुल आज सिर्फ 5 रन ही जोड़ सके. उनकी पारी में 10 चौके और एक छक्का शामिल रहा. भारत का स्कोर 321/4 है. पडिक्कल अभी भी 146 रन बनाकर एक छोर पर बने हुए हैं.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: ऋषभ पंत 39 रन बनाकर आउट

ऋषभ पंत 39 रन बनाकर आउट हो गए हैं. भारत को 307 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा है. पंत को डेब्यूटेंट केशरा नुवानथा ने आउट किया. पंत की पारी में 4 चौके और एक छक्का शामिल रहा. पडिक्कल का साथ देने केएल राहुल आए हैं, जो रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए थे. पडिक्कल 138 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि केएल राहुल 77 रन पर खेल रहे हैं.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: भारत के 300 रन पूरे

77वें ओवर में पंत के सिंगल के साथ ही भारत ने 300 रन का आंकड़ा छू लिया है. भारत का स्कोर 300/2 है. पंत अर्धशतक के करीब हैं. वह 35 रन बनाकर खेल रहे हैं. वहीं, पडिक्कल का टारगेट दोहरा शतक जमाना होगा, जो 135 रन बनाकर नाबाद हैं.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: लंबे इंतजार के बाद शुरू हुआ खेल

अखिरकार लंबे इंतजार के बाद खेल शुरू हो गया है. सुबह से बारिश के आने-जाने का सिलसिला चालू रहा, जिससे खेल शुरू नहीं हो पाया, लेकिन अब देवदत्त पडिक्कल और ऋषभ पंत बैटिंग के लिए क्रीज पर आ चुके हैं. भारतीय टीम 288/2 के स्कोर से आगे खेल रही है. उम्मीद यही होगी कि बचे हुए समय में बारिश फिर खलल ना डाले.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: बारिश का ‘खेल’ फिर शुरू

मैच शुरू होने से ठीक पहले बारिश ने एक बार फिर खलल डाला है. 2.15 बजे खेल शुरू होना था, इसलिए खिलाड़ी मैदान पर वार्म-अप करने लगे थे. तभी अचानक बारिश दोबारा शुरू हो गई. ग्राउंड स्टाफ ने तुरंत स्टंप उखाड़ दिए और मैदान को कवर से ढक दिया. अब देखना होगा कि आगे की क्या स्थिति रहती है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: 2:15 बजे शुरू होगा खेल

गॉल में मौसम अब साफ हो गया है और खेल अब दोपहर 2:15 बजे शुरू होगा. कवर्स हटा दिए गए हैं, धूप भी निकल आई है. भारतीय सपोर्ट स्टाफ ने साइड पिच पर अभ्यास शुरू कर दिया है.

1:40 बजे निरीक्षण करेंगे अंपायर

गॉल में बारिश फिलहाल रुक गई है, इसलिए मैदान की स्थिति देखने के लिए अंपायर दोपहर 1:40 बजे निरीक्षण करेंगे. अगर मैदान खेलने लायक मिला और आउटफील्ड में पानी नहीं रहा, तो उसके बाद मैच दोबारा शुरू करने का फैसला लिया जा सकता है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: घने काले बादलों से घिरा गॉल

गॉल में लंच ब्रेक के बाद भी खेल शुरू नहीं हो सका है. मौसम फिर खराब हो गया है. आसमान में पहले से ज्यादा घने और काले बादल छा गए हैं और बारिश भी रुक-रुककर जारी है. मैदान पर कुछ कवर जरूर हटाए गए हैं, लेकिन ग्राउंड स्टाफ अभी पूरी तरह से कवर हटाकर मैदान तैयार नहीं कर रहा. वे फिलहाल मौसम पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि बारिश दोबारा तेज होने की आशंका है. यानी मैच शुरू होने की उम्मीद अभी बनी हुई है, लेकिन मौसम के कारण इंतजार बढ़ गया है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: 12.20 से शुरू हो सकता है खेल

गॉल में बारिश फिलहाल थम गई है और ग्राउंड स्टाफ ने दोबारा कवर हटाने शुरू कर दिए हैं. इस बीच लंच भी ले लिया गया है. अगर मैदान खेलने लायक स्थिति में रहता है तो दूसरे सेशन का खेल दोपहर 12:20 बजे शुरू हो सकता है. दोपहर के लिए मौसम का रडार सुबह के मुकाबले बेहतर नजर आ रहा है, इसलिए उम्मीद है कि अब कुछ अच्छा खेल देखने को मिलेगा. सुबह का पूरा सेशन बारिश की भेंट चढ़ चुका है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: नहीं रुक रही बारिश, लिया गया लंच ब्रेक

कवर हटाने की कोशिश शुरू ही हुई थी कि बारिश ने फिर से दस्तक दे दी. इस बार बारिश तेज हो गई है और मैदान को दोबारा ढकना पड़ा. ऐसे में अंपायरों ने जल्दी लंच ब्रेक लेने का फैसला किया है. मैच दोबारा कब शुरू होगा, यह अब मौसम और आउटफील्ड की स्थिति पर निर्भर करेगा.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: फिर शुरू हुई बारिश

बारिश ने एक बार फिर मैदान पर अपना कब्जा कर लिया है. रुक-रुककर हल्की बारिश हो रही है, जिसने खेल शुरू होने का इंतजार और बढ़ा दिया है. बारिश थमने के बाद कवर्स हटाने का काम शुरू हुआ था, लेकिन अब एक बार फिर पूरे मैदान को ढक दिया गया है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: बारिश थमी, हटाए जा रहे कवर्स

गॉल से अच्छी खबर आई है. बारिश रुक चुकी है और खेल के लिए मैदान तैयार करने का काम शुरू हो गया है. कवर्स हटाए जा रहे हैं. ऐसे में अब से कुछ देर में दूसरे दिन का खेल शुरू हो सकता है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: गॉल में लगातार बारिश जारी

गॉल में बारिश लगातार जारी है. फिलहाल मौसम के जल्द साफ होने के कोई संकेत नहीं दिख रहे हैं. वेदर रिपोर्ट देखें तो आज का दिन रुक-रुककर बारिश के कारण प्रभावित हो सकता है, जिससे खिलाड़ियों और फैंस की परेशानी बढ़ना तय है.

SL vs IND, 1st Test Day-2 Live Score: मौसम ने खेल शुरू होने से पहले फैंस का मूड बिगाड़ा

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट के दूसरे दिन के खेल शुरू होने से पहले बारिश ने खलल डाल दी है. गॉल में सुबह-सुबह झमाझम बारिश हो रही है. ऐसे में दूसरे दिन का खेल शुरू होने में देरी होना तय है.



Source link

Author: Ajay Kumar

Tech Enthusiast | Law & Accounting Expert | Web Developer | Blogger | Tally & SAP Specialist

Leave a Comment

Plugin developed by ProSEOBlogger
WhatsApp
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free Ypl themes.
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes