|

NewsLink360, Worlds No.1 News Portal

24

जोफ्रा आर्चर की तरह गेंदबाजी करके चर्चा में आया शुभम गौतम, यूपी T20 लीग में मचा रखा है तहलका, स्पीड-स्विंग का गजब मिश्रण

Author: Ajay Kumar

Published: 20-08-2026, 4:21 PM


नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट में एक समय ऐसा भी था जब उत्तर प्रदेश को पेस बॉलिंग की फैक्ट्री कहा जाता था. एक से बढ़कर एक रफ्तार के सौदागर और स्विंग के किंग आए जिन्होंने भारतीय क्रिकेट पर अपनी छाप छोडी. उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कई तेज गेंदबाज UPT20 लीग के चौथे सीजन में अपनी चमक बिखेर रहे है. चौथे सीजन ने एक ऐसा हीरा दिया है जो सिर्फ स्विंग नहीं, बल्कि अपनी तीखी रफ्तार से बल्लेबाजों के होश उड़ा रहा है. हम बात कर रहे हैं नोइडा किंग्स के 21 वर्षीय युवा तेज गेंदबाज शुभम गौतम की.

अपनी शुरुआती कुछ मैचों में ही विरोधी टीमों के विकेट चटकाकर और 140 किमी/घंटे से अधिक की गति से लगातार गेंदबाजी कर, शुभम ने यह साबित कर दिया है कि उनके सपने जितने बड़े हैं, उन्हें पूरा करने का उनका जज्बा भी उतना ही मजबूत है. बुंलदशहर के छोटे से गांव से लखनऊ के बड़े मंच तक शुभम गौतम की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है.

जोफ्रा आर्चर जैसी रफ्तार और भुवनेश्वर जैसा स्विंग

क्रिकेट पंडित शुभम के गेंदबाजी एक्शन और उनकी शारीरिक बनावट की तुलना इंग्लैंड के स्टार तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर से कर रहे हैं. शुभम का रन-अप बेहद स्मूथ है और उनका हाई-आर्म एक्शन उन्हें पिच से अतिरिक्त उछाल और गति प्राप्त करने में मदद करता है. हालांकि, शुभम खुद को पूरी तरह आर्चर जैसा नहीं मानते. उनका कहना है, “मेरी लंबाई जोफ्रा जितनी नहीं है, लेकिन मुझे उनकी तरह तेज गेंदबाजी करना पसंद है. जब मैं किसी बल्लेबाज को अपनी रफ्तार से परेशान होते देखता हूं, तो मुझे एक अलग ही रोमांच मिलता है. गति के साथ-साथ शुभम अपनी गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार जैसी सटीकता और सीम मूवमेंट भी लाना चाहते हैं. वे भुवनेश्वर कुमार को अपना आदर्श मानते हैं और उनकी तरह गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने की कला सीख रहे हैं. रफ्तार और स्विंग का यह घातक मिश्रण ही शुभम को इस लीग का सबसे खतरनाक युवा गेंदबाज बनाता है.

UPT20 लीग में शानदार प्रदर्शन

नोइडा किंग्स ने शुभम की प्रतिभा को पहचानते हुए नीलामी में उन्हें ₹21.5 लाख की बड़ी रकम देकर अपनी टीम में शामिल किया. शुभम ने फ्रेंचाइजी के इस भरोसे को बिल्कुल सही साबित किया. लखनऊ फाल्कन्स के खिलाफ मैच में उन्होंने अपनी एक गेंद को 143 किमी/घंटे की रफ्तार से फेंका और मैच में 5.50 की शानदार इकोनॉमी से 22 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट झटके. इससे पहले कानपुर सुपरस्टार्स के खिलाफ अपने डेब्यू मैच में, विकेट न मिलने के बावजूद उन्होंने 0/17 के किफायती स्पेल से विपक्षी बल्लेबाजों को बांध कर रखा था.

शुभम गौतम की शुरुआत

बुलंदशहर जिले के एक छोटे से गांव डिबी से ताल्लुक रखने वाले शुभम ने क्रिकेट की शुरुआत टेनिस बॉल से की थी. गांव की गलियों में टेनिस बॉल से रफ्तार का जादू बिखेरने वाले शुभम को असली पहचान उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) के स्पीड-बाउलिंग हंट अभियान से मिली. नोएडा में आयोजित इस ट्रायल में शुभम ने अपनी गति और सटीकता से चयनकर्ताओं को बेहद प्रभावित किया और यहीं से उनके पेशेवर क्रिकेट का सफर शुरू हुआ.

फिटनेस और भविष्य के बड़े सपने

तेज गेंदबाजों के लिए फिटनेस सबसे अहम होती है, और शुभम इस बात को बखूबी समझते हैं. वे स्प्रिंट वर्क, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग और कंडीशनिंग पर कड़ा अभ्यास करते हैं ताकि एक लंबा और सफल करियर बना सकें. अतीत में कई बार अंडर-19 और राज्य की अन्य टीमों के कैंप से बाहर होने के बाद, शुभम इस बार कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते. शुभम का मुख्य लक्ष्य आगामी घरेलू सीजन में उत्तर प्रदेश की सीनियर टीम (रणजी ट्रॉफी, विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी) और अंडर-23 टीम में अपनी जगह पक्की करना है. जिस निरंतरता और गति से वे गेंदबाजी कर रहे हैं, वह दिन दूर नहीं जब यह युवा खिलाड़ी भारतीय जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व करता नजर आएगा.



Source link

Author: Ajay Kumar

Tech Enthusiast | Law & Accounting Expert | Web Developer | Blogger | Tally & SAP Specialist

Leave a Comment

Plugin developed by ProSEOBlogger
WhatsApp
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free Ypl themes.
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes