|

NewsLink360, Worlds No.1 News Portal

47

23 साल पुराना महारिकॉर्ड स्वाहा… स्पेन के नाम हुआ विश्व कीर्तिमान, लगातार 21 जीत से ऑस्ट्रेलिया को नंबर वन की कुर्सी से धकेला

Author: Ajay Kumar

Published: 15-08-2026, 11:57 PM


नई दिल्ली.  स्पेन का नाम सुनते ही दिमाग में बुलफाइटिंग, फुटबॉल और उसके मशहूर क्लबों की तस्वीर उभरती है. लेकिन इस खेल प्रेमी देश ने अब उस मैदान पर इतिहास रच दिया है, जहां उसकी मौजूदगी की बहुत कम लोग उम्मीद करते हैं. स्पेन की मेंस क्रिकेट टीम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार 21वां मुकाबला जीतकर दुनिया को चौंका दिया है. इस जीत के साथ स्पेन ने न केवल टी20 क्रिकेट में अपनी बादशाहत कायम रखी है, बल्कि ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के 23 साल पुराने ऐतिहासिक रिकॉर्ड को भी चकनाचूर कर दिया है.

यह नया विश्व कीर्तिमान 2028 टी20 वर्ल्ड कप के यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी के दौरान बना. फिनलैंड के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में स्पेन को जीत के लिए 132 रनों की जरूरत थी. स्पेनिश टीम ने इस लक्ष्य को बेहद आसानी से मात्र दो विकेट खोकर हासिल कर लिया. इस जीत के साथ ही स्पेन का टी20 इंटरनेशनल मैचों में लगातार जीत का सिलसिला 21वें मैच तक पहुंच गया, जिसने पूरे क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है.

स्पेन क्रिकेट टीम ने लगातार 21 मैच जीतकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड.

रिकी पोंटिंग की अजेय ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड ध्वस्त
इस जीत का सबसे बड़ा पहलू यह है कि स्पेन ने रिकी पोंटिंग की कप्तानी वाली 2003 की उस महान ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड तोड़ा है जिसे अपने दौर में हराना लगभग नामुमकिन माना जाता था. साल 2003 में ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 17 वनडे मुकाबले जीते थे, जिसमें दक्षिण अफ्रीका में बिना कोई मैच गंवाए वर्ल्ड कप जीतना और जोहानिसबर्ग के फाइनल में भारत को हराना शामिल था.

टेस्ट और वनडे मिलाकर बने कीर्तिमान को पछाड़ा
वर्ल्ड कप के बाद कंगारू टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ लगातार तीन टेस्ट मैच भी जीते. वनडे और टेस्ट मिलाकर ऑस्ट्रेलिया का यह अजेय अभियान लगातार 20 अंतरराष्ट्रीय मैचों तक चला था. दशकों तक किसी टीम के लिए इस 20 मैचों के आंकड़े को छू पाना भी एक सपने जैसा था, लेकिन स्पेन की टीम ने 21वीं जीत दर्ज करके 2003 के उस महान ऑस्ट्रेलियाई सफर को इतिहास के पन्नों में दूसरे स्थान पर धकेल दिया.

तीन साल पहले आइल ऑफ मैन के खिलाफ शुरू हुआ सफर
आईसीसी की टी20 रैंकिंग में 28वें स्थान पर मौजूद स्पेन के लिए यह सफर किसी परीकथा से कम नहीं है. इस जादुई सिलसिले की शुरुआत करीब तीन साल पहले आइल ऑफ मैन के खिलाफ मिली एक शानदार जीत से हुई थी. उस एक जीत ने टीम के भीतर जो आत्मविश्वास भरा, वह आज तक खत्म होने का नाम नहीं ले रहा.

यूरोपीय एसोसिएट टीमों पर स्पेन का दबदबा
इस विजय अभियान के दौरान स्पेन ने यूरोप की कई मजबूत एसोसिएट टीमों को धूल चटाई. जर्सी, क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, ग्रीस और मेजबान फिनलैंड जैसी टीमें स्पेन के इस विजयी रथ को रोकने में नाकाम रहीं. स्पेन का दबदबा इस फॉर्मेट में इतना जबरदस्त रहा कि उसने 2024 में ही लगातार 14वां टी20 इंटरनेशनल मैच जीतकर इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा लगातार जीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया था. लेकिन टीम यहाँ रुकने वाली नहीं थी, उसने अपनी रफ्तार बनाए रखी और अब इस आंकड़े को 21 तक पहुँचा दिया.

1992 से शुरू हुआ स्पेनिश क्रिकेट का ऐतिहासिक सफर
स्पेन को कभी क्रिकेट का पारंपरिक देश नहीं माना गया. स्पेन का क्रिकेट इतिहास देखा जाए तो वह 1992 में आईसीसी का एफिलिएट सदस्य बना था और सालों की मेहनत के बाद 2017 में उसे एसोसिएट सदस्य का दर्जा मिला. असली मोड़ 2019 में आया जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने स्पेन को टी20 अंतरराष्ट्रीय का दर्जा दिया.

50 मैचों में 41 जीत का चौंकाने वाला प्रदर्शन
इसके बाद से स्पेनिश टीम ने पीछे मुड़कर नहीं देखा. टी20 इंटरनेशनल का दर्जा मिलने के बाद से स्पेन ने अब तक कुल 50 मुकाबले खेले हैं. इन 50 मैचों में से स्पेन ने रिकॉर्ड 41 मैचों में जीत दर्ज की है, जबकि उसे सिर्फ 8 मैचों में हार का सामना करना पड़ा है और 1 मैच का परिणाम नहीं निकल सका. यह आंकड़ा साबित करता है कि जीत की दर के मामले में स्पेन का रिकॉर्ड यूरोपीय एसोसिएट क्रिकेट में सबसे बेहतरीन है.



Source link

Author: Ajay Kumar

Tech Enthusiast | Law & Accounting Expert | Web Developer | Blogger | Tally & SAP Specialist

Leave a Comment

Plugin developed by ProSEOBlogger
WhatsApp
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free Ypl themes.
Plugin developed by ProSEOBlogger. Get free gpl themes