Activa ने फिर दिखाया जलवा, बना इंडिया का नंबर 1 स्कूटर, Jupiter ने भी की तगड़ी सेल
नई दिल्ली. सितंबर 2025 में बिकने वाले स्कूटरों की सेल्स रिपोर्ट जारी हो चुकी है. आंकड़ों से यह स्पष्ट है कि सितंबर का महीना टू-व्हीलर्स के लिए अच्छा रहा. जीएसटी में कमी के कारण स्कूटर सस्ते हो गए, जिससे लोगों ने स्कूटर खरीदने में ज्यादा दिलचस्पी दिखाई.सेल्स रिपोर्ट ने एक दिलचस्प तस्वीर पेश की है. पिछले साल के मुकाबले गिरावट के बावजूद, एक्टिवा की इतनी यूनिट्स बिकीं कि यह सबसे ज्यादा बिकने वाला स्कूटर बन गया. इसके साथ ही कुछ नए और उभरते मॉडल्स ने शानदार एनुअल ग्रोथ हासिल कर सभी को चौंका दिया. आइए जानते हैं सितंबर 2025 में सबसे ज्यादा बिकने वाले स्कूटरों के बारे में.
टॉप पर Activa, लेकिन बिक्री में गिरावट
होंडा एक्टिवा 2,37,716 यूनिट्स की बिक्री के साथ पहले स्थान पर बना हुआ है. हालांकि, यह आंकड़ा पिछले साल सितंबर 2024 में बिकी 2,62,316 यूनिट्स से 24,600 यूनिट्स कम है, जिससे इसकी बिक्री में 9.38% की गिरावट दर्ज की गई है. इसके बावजूद 36.86% मार्केट शेयर के साथ एक्टिवा ने अपनी बादशाहत कायम रखी है.
Jupiter ने भरी तेज उड़ान
पिछले साल के मुकाबले अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीवीएस जूपिटर दूसरे स्थान पर रहा. जूपिटर ने 1,42,116 यूनिट्स की बिक्री के साथ 38.07% की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की है. यह वृद्धि दर्शाती है कि ग्राहक अब एक्टिवा के अलावा अन्य भरोसेमंद मॉडलों की ओर भी रुख कर रहे हैं.
Suzuki Access तीसरे नंबर पर
सितंबर 2025 में सुजुकी एक्सेस ने 34.48% की अच्छी वृद्धि के साथ 72,238 यूनिट्स बेचकर तीसरा स्थान हासिल किया है. मार्केट में इसका शेयर 11.20% रहा.
चौथे नंबर पर TVS Ntorq
टीवीएस के एनटॉर्क स्कूटर को भी खूब ग्राहक मिले. 33,246 यूनिट्स के साथ यह चौथे नंबर पर बना हुआ है. हालांकि, पिछले साल के मुकाबले इसकी बिक्री में 13.56% की कमी आई है.
पांचवें नंबर पर TVS iQube
पांचवें नंबर पर टीवीएस का आईक्यूब स्कूटर है. इसकी 8.03% की वृद्धि के साथ 30,820 यूनिट्स बिकी हैं. बाजार में इसकी 4.78% की हिस्सेदारी रही.
Bajaj Chetak की बिक्री
बिक्री के मामले में बजाज चेतक छठे नंबर पर रहा. सितंबर में इसको 30,558 ग्राहक मिले और इसकी बिक्री में 7.16% की वृद्धि हुई.
सुजुकी बर्गमैन
सुजुकी बर्गमैन ने 90.80% की शानदार वृद्धि दर्ज करते हुए 28,254 यूनिट्स की बिक्री की और सातवां स्थान अपने नाम किया. ये आंकड़े स्पष्ट करते हैं कि ग्राहक अब ज्यादा फीचर्स और अलग डिजाइन वाले स्कूटर्स पसंद कर रहे हैं.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
