PHOTOS: लीडर ही तो चैंपियंस बनाते हैं! CNBC-TV18 ने किया जय शाह, गौतम गंभीर और सूर्यकुमार यादव का सम्मान


Last Updated:

jay shah suryakumar yadav gautam gambhir honoured at cnbc tv18 ibla 2026: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के चेयरमैन जय शाह, भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव और हेड कोच गौतम गंभीर का CNBC-TV18 ने खास अवॉर्ड देकर सम्मान किया. दरअसल, ‘इंडिया बिजनेस लीडर अवार्ड्स 2026’ में जय शाह को ‘खेलों में उत्कृष्ट योगदान’, सूर्या को ‘स्पोर्ट्स लीडर ऑफ द ईयर’ और गंभीर को ‘खेलों में उत्कृष्टता’ का अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया.

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने जय शाह ने यह सम्मान दिया. अपने संबोधन में जय श्ह ने इस अवॉर्ड को देश के सभी खिलाड़ियों, खासकर महिला खिलाड़ियों को समर्पित किया. उन्होंने कहा, ‘मैं यह अवॉर्ड सभी खिलाड़ियों को, खासकर उन महिला खिलाड़ियों को समर्पित करना चाहता हूं जो मैदान पर कड़ी मेहनत कर रही हैं.’

शाह ने भारत की टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम को भी बधाई दी, जिसकी कप्तानी सूर्यकुमार यादव ने की और कोच गौतम गंभीर थे. उन्होंने टूर्नामेंट में खेलने वाली दूसरी टीमों की भी सराहना की. साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड की तारीफ की, जो बिना कोई मैच हारे नॉकआउट तक पहुंचने में सफल रहीं थीं. साथ ही उन्होंने फाइनल में पहुंचने वाली न्यूजीलैंड टीम को भी शानदार प्रदर्शन के लिए बधाई दी. शाह ने एसोसिएट टीमों की भी तारीफ की और कहा कि जिम्बाब्वे, नेपाल और यूएसए जैसी टीमों ने टूर्नामेंट में बड़ी टीमों को कड़ी टक्कर दी.

अपने क्रिकेट प्रशासन के समय को याद करते हुए शाह ने कहा कि 2019 में बीसीसीआई से जुड़ने के बाद से टीम इंडिया ने कई बड़ी सफलताएं हासिल की हैं. उन्होंने कहा, ‘2019 से 2026 के बीच सात सालों में टीम इंडिया ने दो अंडर-19 पुरुष वर्ल्ड कप, दो अंडर-19 महिला वर्ल्ड कप जीते. इसके अलावा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में दो बार उपविजेता रहे और एक बार वनडे वर्ल्ड कप में भी रनर-अप रहे. इसके बाद टीम ने लगातार दो टी20 वर्ल्ड कप और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 भी जीती. यह बहुत बड़ी उपलब्धि है और मैं इसके लिए सभी को बधाई देता हूं.’

Add News18 as
Preferred Source on Google

शाह ने कहा कि वह 1998 से क्रिकेट देख रहे हैं और 2009 से क्रिकेट प्रशासन से जुड़े हुए हैं. उन्होंने पुराने दौर से तुलना करते हुए कहा, ‘पहले एक समय था जब ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम का नाम जीत के साथ जुड़ा होता था. आज वही बात टीम इंडिया के साथ है.’ उन्होंने कहा,’ आज टीम इंडिया मतलब जीत है.’

जय शाह ने हाल ही में हुए वर्ल्ड कप के महत्व पर भी बात की. उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट से पहले कुछ टीमों की भागीदारी और शेड्यूल को लेकर चर्चा हुई थी. बता दें कि बाद में बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया था और कुछ समय के लिए पाकिस्तान के हटने की भी बात चली थी. जय शाह ने कहा, ‘आईसीसी अध्यक्ष के रूप में मैं कहना चाहता हूं कि कोई भी टीम संगठन से बड़ी नहीं होती. एक संगठन किसी एक टीम से नहीं, बल्कि सभी टीमों के साथ मिलकर बनता है.’

सूर्यकुमार यादव ने CNBC-TV18 के मंच पर सम्मानित होने के बाद टी20 वर्ल्ड कप को लेकर कुछ बातचीत की, उन्होंने कहा, ‘जब हमें पता चला कि यह टूर्नामेंट भारत में होगा, तो हम बहुत खुश थे. लेकिन उसी समय थोड़ा डर और दबाव भी महसूस हो रहा था.’ उन्होंने कहा, ‘अगर दबाव नहीं होगा तो हम घबराएंगे नहीं और खेल में मजा भी नहीं आएगा. जैसे ही हमें पता चला कि मैच भारत में होंगे, पूरी टीम बहुत उत्साहित हो गई. ड्रेसिंग रूम में खुशी का माहौल था. हां, दबाव था, लेकिन भारत में खेलने को लेकर सभी खिलाड़ी बहुत खुश थे.’

सूर्या ने टीम के माहौल के बारे में भी बताया. सूर्यकुमार ने कहा, ‘कभी-कभी सबकी राय सुनना थोड़ा मुश्किल भी होता है, क्योंकि हर खिलाड़ी के अलग-अलग विचार और योजनाएं होती हैं. लेकिन हमें एक ही दिशा में आगे बढ़ना होता है, क्योंकि हमारा लक्ष्य एक ही है. ड्रेसिंग रूम में काफी मजाक, बातचीत और अच्छे फैसले होते हैं. कभी-कभी कुछ लोग खुश नहीं भी होते, लेकिन फिर भी हमारा ड्रेसिंग रूम बहुत खुश रहता है.’ अंत में उन्होंने कहा कि उनका बड़ा लक्ष्य भारत के लिए 2028 ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतना है.

इसी कार्यक्रम में कोच गौतम गंभीर ने भी धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, ‘मैं TV18 और जूरी का धन्यवाद करना चाहता हूं. साथ ही पीयूष गोयल सर का भी धन्यवाद, जिन्होंने मुझे यह सम्मान दिया.’ गंभीर ने आगे कहा, ‘सबसे महत्वपूर्ण, मैं जय शाह भाई का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझ पर भरोसा किया और मुश्किल समय में मेरा साथ दिया. मेरे कोच के समय में भी कई कठिन पल आए. धन्यवाद कि आपने मुझ पर भरोसा रखा और आखिर में मैं ड्रेसिंग रूम के सभी लोगों का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे एक सफल कोच बनने में मदद की.’



Source link


Discover more from News Link360

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from News Link360

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading