Last Updated:
Ishan Kishan named captain for Sunrisers Hyderabad: ईशान किशन आईपीएल के शुरुआती मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे. टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस पीठ में चोट की समस्या से जूझ रहे हैं. ईशान के साथ अभिषेक शर्मा टीम की उप कप्तानी करेंगे. शुरुआती कुछ मैचों में ईशान एसआरएच की अगुआई करते हुए दिखाई देंगे.

ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे.
नई दिल्ली. आईपीएल के आगामी सीजन से पहले विकेटकीपर बैटर ईशान किशन और विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा के लिए खुशखबरी है. ईशान किशन आईपीएल 2026 के शुरुआती कुछ मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे. वह पैट कमिंस की जगह ले रहे हैं, जो अभी तक पीठ की चोट से पूरी तरह उबर नहीं पाए हैं. इस दौरान अभिषेक शर्मा उप-कप्तानी की भूमिका निभाएंगे.
सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के करीबी सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि यह व्यवस्था केवल अस्थायी है और नियमित कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) पूरी तरह फिट होने के बाद कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल लेंगे. जल्द ही आधिकारिक घोषणा होने की उम्मीद है. अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कमिंस कितने मैच नहीं खेल पाएंगे, लेकिन यह समझा जाता है कि ऑस्ट्रेलिया के कप्तान 23 मार्च को एसआरएच कैंप में पहुंचेंगे. उम्मीद है कि वह भारत में फ्रेंचाइजी के साथ रिहैबिलिटेशन से गुजरेंगे और जैसा कि वेबसाइट ने कल बताया था, वह सीजन के पहले तीन मैच नहीं खेल पाएंगे.
ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करेंगे.
एसआरएच (SRH) आईपीएल में अपने अभियान की शुरुआत 28 मार्च को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करेगी. उनका दूसरा मैच भी बाहर होगा, जो 2 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ होगा. इसके बाद वे 5 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ घरेलू मैदान पर वापसी करेंगे.
32 वर्षीय कमिंस दिसंबर से क्रिकेट से बाहर हैं. जब उन्होंने एडिलेड में खेले गए एकमात्र एशेज टेस्ट में हिस्सा लिया था. पीठ की पुरानी चोट के कारण वे उस मैच से पहले और बाद में भी मैदान से बाहर रहे. उन्होंने हाल में खत्म हुए टी20 विश्व कप में भी भाग नहीं लिया था. सनराइजर्स हैदराबाद के सूत्रों ने क्रिकबज को बताया है कि उन्हें क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से आईपीएल अनुबंध के तहत खेलने की अनुमति मिल गई है. हालांकि, उन्हें मैदान पर वापसी करने में कुछ समय लग सकता है.
कमिंस ने एसआरएच की कप्तानी करते हुए 30 मैच खेले हैं, जिनमें से 15 में जीत और 14 में हार मिली है. जबकि एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकला. 2024 में, उन्होंने टीम को फाइनल तक पहुंचाया, जहां उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स से हार का सामना करना पड़ा. पिछले सीजन में, एसआरएच छठे स्थान पर रही, जिसमें छह जीत और सात हार शामिल थीं.
सूत्रों ने बताया है कि एसआरएच प्रबंधन हमेशा से इस बात को लेकर स्पष्ट था कि कमिंस की अनुपस्थिति में ईशान ही टीम की कप्तानी करेंगे, हालांकि अंतरिम कप्तानी को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं. हाल ही में हुए टी20 विश्व कप में भारत की सफलता में ईशान और अभिषेक दोनों ने अहम भूमिका निभाई, लेकिन वरिष्ठ होने के नाते 27 वर्षीय ईशान को मौका दिया गया है. उन्होंने 119 आईपीएल मैच खेले हैं, जबकि 25 वर्षीय अभिषेक ने 77 मैच खेले हैं.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
