Last Updated:
R Ashwin on KKR Bowling: आर अश्विन का कहना है कि कोलकाता नाइट राइडर्स की गेंदबाजी आक्रमण में अब पहले जैसा खौफ नहीं रह गया है. पहले सुनील नारायण के तौर पर एक मिस्ट्री स्पिनर हुआ करता था.इसके बाद वरुण चक्रवर्ती आए. लेकिन इन दोनों गेंदबाजों को बल्लेबाज अच्छी तरह से जान चुके हैं.इसलिए उनकी गेंदबाजी में कोई नयापन नहीं है और ना ही मिस्ट्री जैसा अब कुछ रह गया है.

आर अश्विन ने कहा है कि केकेआर की गेंदबाजी को लेकर अब खौफ खत्म हो गया है.
चेन्नई. भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि कोलकाता नाइट राइडर्स के गेंदबाजी आक्रमण में अब पहले जैसा खौफ नहीं रहा और उनके ‘मिस्ट्री’ स्पिनरों में ‘नवीनता का तत्व’ भी फीका पड़ गया है. इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से पहले केकेआर की ताकत और कमजोरी का विश्लेषण करते हुए अश्विन ने कहा कि भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती पर अब काफी जिम्मेदारी होगी.
आर अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि केकेआर की गेंदबाजी देखकर विरोधी टीम डरेंगी. ‘मिस्ट्री फैक्टर’, ‘नवीनता’ और खौफ, ये सब अब खत्म हो चुके हैं. पहले बल्लेबाज विश्लेषक के कमरे में जाकर गेंदबाज के हाथ को देखते थे या फिर एक रन लेने की बात सोचते थे. वरुण अपने करियर के ऐसे दौर में हैं जहां उन्हें जवाब ढूंढने होंगे. यह हर क्रिकेटर के विकास का हिस्सा होता है. मुझे लगता है कि नवीनता का तत्व अब खत्म हो गया है.’
आर अश्विन ने कहा है कि केकेआर की गेंदबाजी को लेकर अब खौफ खत्म हो गया है.
अश्विन ने यह भी कहा कि अनुभवी ऑलराउंडर सुनील नारायण की प्रभावशीलता भी कम हो गई है. उन्होंने कहा, ‘सुनील नारायण अब अपने एक्शन की वजह से अपनी तेज गेंद नहीं डाल सकते. ईडन गार्डन्स छोटा मैदान है इसलिए विरोधी टीमों के लिए आक्रामक होना आसान हो गया है.’ उन्होंने जोर देकर कहा कि केकेआर के गेंदबाजों के लिए आक्रामक बल्लेबाजी लाइन-अप को रोकना मुश्किल हो सकता है, खासकर छोटे मैदानों पर.
उन्होंने यह भी कहा कि चोटों और खिलाड़ियों में बदलाव के कारण गेंदबाजी इकाई कमजोर हो गई है. उन्होंने कहा, ‘‘नीलामी के बाद मैंने कहा था कि केकेआर की गेंदबाजी मजबूत है. लेकिन अब मुस्तफिजुर रहमान टीम में नहीं हैं. माथिशा पाथिराना चोटिल हैं और हर्षित राणा भी बाहर हो चुके हैं. केकेआर के पास ब्लेसिंग मुजारबानी हैं जिन्होंने मेहनत की है और मैं उन्हें देखने के लिए उत्साहित हूं. लेकिन इतनी चोटों के बीच किसी को बड़ी जिम्मेदारी निभानी होगी और वो कौन होगा, मुझे नहीं दिखता.’
भारतीय तेज गेंदबाज आकाशदीप भी केकेआर के पूरे सत्र के लिए बाहर हो गए हैं. अश्विन ने श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति का भी जिक्र किया जिन्होंने 2024 में केकेआर को तीसरा खिताब जिताया था लेकिन टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया. उन्होंने कहा, ‘कोरबो है, लोरबो है, लेकिन जीतबो नहीं है. केकेआर ने तीन बार खिताब जीता, दो बार गौतम गंभीर के नेतृत्व में और एक बार श्रेयस अय्यर की अगुआई में. श्रेयस अय्यर की कप्तानी प्रभावशाली रही है. केकेआर का नुकसान पंजाब किंग्स का फायदा बन गया.’
अय्यर पंजाब किंग्स में शामिल हुए और पिछले साल टीम को एक दशक में पहली बार आईपीएल फाइनल तक पहुंचाया. अश्विन ने यह भी कहा कि अगर कोई खिलाड़ी अपनी भूमिका पूरी नहीं करता है तो टीमों को उसकी फीस में कटौती करने का अधिकार होना चाहिए. उन्होंने कैमरन ग्रीन का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया उन्हें पूरे चार ओवर डालने की अनुमति नहीं देता तो आईपीएल टीमों को उनके भुगतान में कटौती करनी चाहिए.
इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘अगर आपने किसी खिलाड़ी को चार ओवर गेंदबाजी और बल्लेबाजी के लिए खरीदा है, लेकिन वह ऐसा नहीं कर पा रहा है तो टीम को उसके पैसे काटने का अधिकार होना चाहिए. कल्पना कीजिए, अगर आप शाहरूख खान हैं और आपने किसी खिलाड़ी पर 25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं और वह कहे कि वह सिर्फ एक ओवर डालेगा तो आपको कैसा लगेगा?’
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
