
Last Updated:
India Probable Playing 11 vs Afghanistan Test: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के लिए टीम इंडिया ने तैयारियां शुरू कर दी हैं. बुधवार को भारतीय खिलाड़ियों ने जमकर अभ्यास किया. इस दौरान हेड कोच गौतम गंभीर भी मौजूद रहे. इस मुकाबले में भारतीय टीम की प्लेइंग-11 को लेकर इरफान पठान ने बड़ा बयान दिया है. उनका मानना है कि टीम की पुरानी रणनीति को देखते हुए प्लेइंग-11 में कुलदीप यादव की जगह बनती नहीं दिख रही है.
कुलदीप यादव प्लेइंग-11 से रह सकते हैं बाहर.
नई दिल्ली. भारत और अफगानिस्तान के बीच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाना है, जिसकी तैयारी में भारतीय खिलाड़ी जुट गए हैं. कप्तान शुभमन गिल ने बुधवार को मैच की तैयारी के लिए पहले ट्रेनिंग सेशन की अगुवाई की. ज्यादातर खिलाड़ी आईपीएल अपनी जिम्मेदारियों से हाल ही लौटे हैं. मुल्लांपुर स्थित पीसीए स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में भारतीय खिलाड़ियों ने नेट सेशन में हिस्सा लिया. इस दौरान हेड कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों पर बारीकी से नजर रखी. इस मैच भारतीय टीम की प्लेइंग-11 को लेकर काफी चर्चा हो रही है. पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान का मानना है कि घरेलू मैदानों पर ऑलराउंडर्स को प्राथमिकता देने की अपनी पुरानी रणनीति के तहत टीम इंडिया इस मैच में भी उतर सकती है, जिसके चलते कलाई के जादूगर कुलदीप यादव को प्लेइंग-11 से बाहर बैठना पड़ सकता है. भारतीय स्क्वॉड में इस बार चार स्पिनर्स- वाशिंगटन सुंदर, हर्ष दुबे, कुलदीप यादव और मानव सुथार को शामिल किया गया है.
नंबर 8 तक बल्लेबाजी की रणनीति
‘फॉलो द ब्लूज’ शो में बातचीत करते हुए इरफान पठान ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन अपनी बल्लेबाजी की गहराई को कम नहीं करना चाहेगा. उन्होंने समझाया, “भारतीय टीम को नंबर 8 तक बल्लेबाजी पसंद है और वे इसी अंदाज में खेलते आए हैं. ऐसे में कुलदीप यादव की जगह नंबर 6, 7 और 8 पर क्रमशः ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी और वाशिंगटन सुंदर को मौका मिल सकता है.”
पठान के अनुसार, इसके बाद नंबर 9 पर हर्ष दुबे और फिर तेज गेंदबाजी की कमान गुरनूर ब्रार के साथ मोहम्मद सिराज या प्रसिद्ध कृष्णा में से किसी एक को सौंपी जा सकती है. इरफान पठान का मानना है कि अफगानिस्तान के खिलाफ ध्रुव जुरेल और नितीश कुमार रेड्डी को इन नंबरों पर आजमाने से टीम को एक बेहतरीन फ्लेक्सिबिलिटी मिलेगा. श्रीलंका या अन्य बड़ी टीमों के खिलाफ खेलते समय अनुभवी खिलाड़ी वापस आ जाएंगे, लेकिन इस मैच के जरिए इन युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का जरूरी अनुभव हासिल हो जाएगा.
नितीश और जुरेल पर टिकी नजरें
पठान ने बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का जिक्र करते हुए नितीश कुमार रेड्डी की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा, “नितीश ने ऑस्ट्रेलिया की उछाल भरी पिचों पर शतक जड़ा है, जो एक युवा खिलाड़ी के लिए कोई छोटी उपलब्धि नहीं है. उनके पास काबिलियत की कोई कमी नहीं है.” इसके साथ ही उन्होंने जोड़ा कि ध्रुव जुरेल भी बेहद क्षमतावान हैं और अगर वह अफगानिस्तान के खिलाफ रन बनाते हैं, तो इससे टीम मैनेजमेंट का भरोसा और मजबूत होगा.
अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए भारतीय टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप-कप्तान), साईं सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर).
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






