
Last Updated:
Sunil Gavaskar Statement on Rohit Sharma: रोहित शर्मा को लेकर सुनील गावस्कर ने बड़ा बयान दिया है. उनका कहना है कि इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा के पास यह साबित करने का बड़ा मौका है कि वह अगले साल साउथ अफ्रीका में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए ओपनिंग काने वाले हैं. गावस्कर ने कहा कि वनडे वर्ल्ड कप को लेकर उनकी क्या स्थिति है रोहित जानते हैं.
रोहित शर्मा को लेकर क्या बोले गावस्कर?
नई दिल्ली. महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने कहा कि अगले महीने इंग्लैंड के खिलाफ भारत की वनडे सीरीज रोहित शर्मा के लिए यह दिखाने का बहुत अच्छा मौका है कि वह अगले साल होने वाले 50 ओवर के विश्व कप में भारत के लिए ओपनिंग करेंगे. रोहित और विराट कोहली (अगर उपलब्ध हुए) दोनों भारत के लिए सिर्फ एक फॉर्मेट में खेलते हैं और वे 14 से 19 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में वापसी करेंगे. गावस्कर ने कहा कि रोहित जानते हैं कि अगले साल होने वाले वनडे विश्व कप में जगह बनाने के लिए उनकी क्या स्थिति है.
सोनी स्पोर्ट्स की बातचीत में गावस्कर ने कहा, ‘रोहित शर्मा के बारे में कब बात नहीं हुई है? रोहित शर्मा के बारे में हमेशा बहुत बात होती रही है.’ उन्होंने कहा, ‘वह जानते हैं कि उनकी क्या स्थिति है. मुझे लगता है कि अहम लोगों और रोहित शर्मा के बीच साफ-साफ जानकारी का आदान-प्रदान हुआ है. वह अच्छी तरह जानते हैं कि उनकी क्या स्थिति है और अगले डेढ़ साल में उन्हें बस लगातार अच्छा प्रदर्शन करना है.’
‘इंग्लैंड दौरा साबित करना का अच्छा मौका’
गावस्कर ने कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि वह ऐसे व्यक्ति हैं जो अपनी प्रतिभा और काबिलियत के कारण कोई दबाव महसूस करते हैं. इंग्लैंड का दौरा उनके लिए यह दिखाने का अच्छा मौका है कि डेढ़ साल बाद भी वह भारत के लिए ओपनिंग करते रहेंगे.’ गावस्कर ने कहा कि किसी भी भारतीय खिलाड़ी का आकलन कभी खत्म नहीं होता और सीनियर बल्लेबाजों को पता होता है कि उन्हें लगातार अच्छा प्रदर्शन करना होगा.
उन्होंने कहा, ‘जब आप नए खिलाड़ी होते हैं, तो आप पर नजर रखी जाती है कि आप इंटरनेशनल क्रिकेट के दबाव को कैसे संभालते हैं, क्या आप में इंटरनेशनल मुकाबले का मिजाज और काबिलियत है.’ उन्होंने कहा, ‘भारतीय क्रिकेट में ऐसा होता है कि शुरुआत से ही खिलाड़ियों पर लगातार नजर रखी जाती है और यह दबाव लगभग कभी खत्म नहीं होता. इसलिए इन खिलाड़ियों के लिए यह निगरानी या आलोचना कोई नई बात नहीं होगी.’
‘उन्हें पता है दबाव कैसे संभालना है’
उन्होंने कहा, ‘वे जानते हैं कि दबाव को कैसे संभालना है और उन्हें पता है कि एकमात्र तरीका है रन बनाते रहना, जो कैच मिलें उन्हें पकड़ना, रन-आउट करना और साथ ही कप्तान को सलाह देने के लिए तैयार रहना क्योंकि वे खुद कप्तान रह चुके हैं और उनके पास अनुभव है.’ गावस्कर ने कहा कि रोहित और कोहली के मामले में, उनकी शारीरिक क्षमताओं पर ज्यादा ध्यान दिया जाएगा, जिसे वे दोनों आसानी से संभाल सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘जैसे-जैसे आपकी उम्र बढ़ती है और आप 35 साल के पार जाते हैं, तो आपके स्वभाव के बजाय आपकी शारीरिक फिटनेस पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है. उनके पास जो अनुभव है, उससे वे इसे आसानी से संभाल लेंगे.’
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





