Sports

5 खिलाड़ी, जो चेन्नई सुपरकिंग्स में स्टीफन फ्लेमिंग की जगह लेने को हैं तैयार, बन सकते हैं सीएसके के नए कोच

Ajay Kumar Verma
By Ajay Kumar Verma On July 13, 2026
1 min read 1.2k views


नई दिल्ली. चेन्नई सुपर किंग्स ने आखिरकार एक युग का अंत कर दिया है. आईपीएल इतिहास के सबसे सफल कोचों में से एक, स्टीफन फ्लेमिंग के साथ फ्रेंचाइजी का 18 साल पुराना सफर खत्म हो गया है. सीएसके को अमूमन एक ऐसी टीम माना जाता है जो अपने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ वफादारी के लिए जानी जाती है, लेकिन फ्लेमिंग की विदाई ने साबित कर दिया है कि अब टीम बदलाव के मूड में है. फ्लेमिंग ने चेन्नई को 5 आईपीएल खिताब दिलाए और महेंद्र सिंह धोनी के साथ उनकी जुगलबंदी ने सीएसके को सफलता के शिखर पर पहुंचाया. लेकिन, मॉडर्न टी20 क्रिकेट के तेजी से बदलते स्वरूप और लगातार तीन सीजन तक प्लेऑफ में जगह न बना पाने की नाकामी ने फ्रेंचाइजी को यह कड़ा फैसला लेने पर मजबूर किया. अब सवाल यह है कि फ्लेमिंग की जगह कौन लेगा?

अगर चेन्नई सुपरकिंग्स के फैंस से पूछा जाए, तो उनके लिए महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) से बेहतर कोई दूसरा विकल्प हो ही नहीं सकता. ‘धोनी ही सीएसके हैं और सीएसके ही धोनी है.’ धोनी पिछले कई सालों से टीम में एक मेंटॉर और ऑन-फील्ड कोच की भूमिका निभा ही रहे हैं. अब बस इस भूमिका को आधिकारिक रूप देने की जरूरत है. अगर थाला खुद मुख्य कोच की कमान संभालते हैं, तो यह चेन्नई के फैंस के लिए सबसे बड़ी सौगात होगी.

5 खिलाड़ी सीएसके के नए कोच बनने के दावेदार.

अश्विन एक मॉडर्न और भविष्यवादी सोच
आर अश्विन भले ही एक लीक से हटकर पसंद लगें, लेकिन चेपॉक के मैदान पर उनके नाम पर विचार जरूर होना चाहिए. वह चेन्नई के लोकल बॉय हैं, आईपीएल में कप्तानी का अनुभव रखते हैं और आज के दौर के सबसे चतुर क्रिकेटरों में से एक हैं. हाल में उन्होंने अपने इरादे जाहिर करते हुए कहा था, ‘मैं अपने करियर के उस पड़ाव पर हूं जहां मैं सिर्फ एक खिलाड़ी से बढ़कर योगदान देना चाहता हूं. मैं घरेलू क्रिकेट में कोच-कम-कप्तान की भूमिका निभा रहा हूं. राहुल द्रविड़ ने भी मुझे यह काम करते देखा है. यह एक ऐसा बदलाव है जो मैं अपने भविष्य के लिए चाहता हूं.’ फुटबॉल क्लबों की तर्ज पर अश्विन को लॉन्ग-टर्म प्रोजेक्ट के रूप में देखना सीएसके के भविष्य के लिए एक बेहतरीन निवेश साबित हो सकता है.

राहुल द्रविड़ अनुभव और अनुशासन का मिश्रण
पिछले साल से ही राहुल द्रविड़ का नाम सीएसके से जोड़ा जा रहा है. भारत को टी20 वर्ल्ड कप जिताने वाले द्रविड़ इस समय किसी भी फ्रेंचाइजी के लिए हॉट प्रॉपर्टी हैं. द्रविड़ का स्वभाव भले ही शांत हो, लेकिन उनकी क्रिकेटिंग फिलॉसफी बेहद आधुनिक है. वह डेटा एनालिसिस और हर मैच के लिए सटीक रणनीतिक तैयारी (Meticulous Preparation) पर भरोसा करते हैं. सीएसके का माहौल सालों से थोड़ा रिलैक्स रहा है, ऐसे में द्रविड़ का अनुशासन और व्यावहारिकता टीम को एक नई दिशा दे सकती है.

दिनेश कार्तिक प्रतिद्वंद्वी को झटका और तमिल कनेक्शन
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सीएसके किसी भारतीय चेहरे को ही मुख्य कोच बनाना चाहती है. ऐसे में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के मेंटॉर दिनेश कार्तिक एक बेहतरीन विकल्प हैं. डीके को कोच बनाने से सीएसके न सिर्फ अपने सबसे बड़े प्रतिद्वंद्वी (RCB) को कमजोर करेगी, बल्कि उन्हें एंडी फ्लावर जैसे दिग्गज कोच के साथ काम करने का अच्छा अनुभव भी है. कार्तिक घरेलू क्रिकेट में तमिलनाडु के कप्तान रहे हैं. उनके आने से लोकल फैंस और लोकल टैलेंट के साथ फ्रेंचाइजी का जुड़ाव और मजबूत होगा.

हेमांग बदानी एक विवादित लेकिन चर्चा में चल रहा नाम
चेन्नई के ही पूर्व क्रिकेटर हेमांग बदानी का नाम भी रेस में आगे चल रहा है. बदानी पिछले दो सालों से दिल्ली कैपिटल्स (DC) के साथ थे. हालांकि, वहां उनका ट्रैक रिकॉर्ड बहुत अच्छा नहीं रहा और न ही वह फैंस को प्रभावित कर पाए. लेकिन घरेलू और वैश्विक स्तर पर कोचिंग का उनका अनुभव सीएसके के काम आ सकता है, खासकर भारतीय युवाओं को तराशने में. धोनी के साथ उनके रिश्ते कैसे हैं, यह कहना मुश्किल है, लेकिन 2024 का उनका एक बयान इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने कहा था, ‘अगर फ्लेमिंग इतने बड़े कोच हैं, तो उन्होंने आईपीएल के बाहर कहीं और जीत क्यों नहीं दर्ज की? सीएसके सिर्फ धोनी की वजह से जीत रही है, धोनी ही किंगपिन हैं… अगर कोई कहता है कि फ्लेमिंग महान कोच हैं, तो मैं इससे सहमत नहीं हूं.’

नए युग की शुरुआत
स्टीफन फ्लेमिंग को हटाना सीएसके के लिए एक बहुत बड़ा और साहसिक फैसला है. फ्रेंचाइजी अब एक ऐसे मार्गदर्शक की तलाश में है जो आधुनिक टी20 की आक्रामक शैली को अपना सके. चाहे वो धोनी का करिश्मा हो, अश्विन की कप्तानी की समझ, द्रविड़ का अनुभव, कार्तिक का तमिल टच या बदानी की आक्रामकता जो भी अगला कोच बनेगा, उसके कंधों पर चेन्नई सुपर किंग्स की विरासत को आगे बढ़ाने और टीम को फिर से चैंपियन बनाने की एक बहुत बड़ी जिम्मेदारी होगी.



Source link


Discover more from News Link360

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Ajay Kumar Verma

Ajay Kumar Verma

Bringing you the latest news and in-depth analysis from around the world.

Leave a Reply

Discover more from News Link360

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading