Last Updated:
sunil gavaskar suggestion to bcci: सुनील गावस्कर ने BCCI को बड़ी बाउंड्री करने का सुझाव देते हुए कहा, ‘लगभग हर मैदान पर एलईडी विज्ञापन बोर्ड के पीछे लोगों के चलने-फिरने के लिए पर्याप्त जगह होती है. इसलिए बाउंड्री का आकार बढ़ाना कोई मुश्किल काम नहीं है.’ 2027 वनडे वर्ल्ड कप दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और जिम्बाब्वे की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा. इसके अगले साल यानी 2028 में टी20 वर्ल्ड कप ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित होगा.
सुनील गावस्कर ने बीसीसीआई को दिया सुझाव.
नई दिल्ली. वनडे वर्ल्ड कप 2027 के लिए टीम इंडिया की तैयारियां अभी से शुरू हो चुकी हैं. इस बीच भारत के महान बल्लेबाज सुनील गावस्कर ने बीसीसीआई को ऐसा सुझाव दिया है, जो भारतीय क्रिकेट में बड़ा बदलाव ला सकता है. गावस्कर का मानना है कि अगर टीम इंडिया को दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में होने वाले विश्व कप में सफल होना है तो भारतीय बल्लेबाजों को अभी से बड़ी बाउंड्री पर खेलने की आदत डालनी होगी. इसी वजह से उन्होंने बीसीसीआई से घरेलू क्रिकेट में बाउंड्री का आकार बढ़ाने की मांग की है.
सुनील गावस्कर का BCCI को सुझाव
स्पोर्टस्टार में अपने कॉलम में सुनील गावस्कर ने कहा कि नए घरेलू सीजन की शुरुआत के साथ ही भारतीय मैदानों की बाउंड्री बढ़ा दी जानी चाहिए. उनका मानना है कि इससे बल्लेबाजों को 2027 वनडे वर्ल्ड कप जैसी परिस्थितियों के लिए बेहतर तैयारी करने का मौका मिलेगा. गावस्कर ने लिखा, ‘नया भारतीय सीजन शुरू होते ही बाउंड्री का आकार बढ़ाना बेहद जरूरी है, ताकि हमारे बल्लेबाज अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप से पहले इसकी आदत डाल सकें.’ उन्होंने यह भी कहा, ‘लगभग सभी मैदानों पर एलईडी विज्ञापन बोर्ड के पीछे पर्याप्त जगह मौजूद है, इसलिए इस बदलाव को लागू करना मुश्किल नहीं होगा.’
‘सिर्फ ताकत नहीं, स्मार्ट क्रिकेट की भी जरूरत’
गावस्कर का मानना है कि वनडे क्रिकेट में केवल बड़े शॉट लगाने से सफलता नहीं मिलती. बल्लेबाजों को मैच की परिस्थितियों के हिसाब से खेलना आना चाहिए. उन्होंने कहा, ‘बल्लेबाजों को यह समझना होगा कि किन गेंदबाजों के खिलाफ जोखिम नहीं लेना है और किन गेंदबाजों पर खुलकर रन बनाए जा सकते हैं.’ उनके अनुसार दुनिया की किसी भी टीम के पास पांच विश्वस्तरीय गेंदबाज नहीं होते, इसलिए हर मैच में रन बनाने के मौके जरूर मिलते हैं.
शॉट चयन पर भी दी अहम सलाह
सुनील गावस्कर ने बल्लेबाजों को शॉट चयन को लेकर भी अहम सलाह दी. उन्होंने कहा कि बल्लेबाजों को अपनी छवि के दबाव में आकर हर गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. उन्होंने कहा, ‘शॉट का चयन बहुत महत्वपूर्ण होता है. बल्लेबाज को अपने अहंकार पर नियंत्रण रखना चाहिए और हर गेंद को उसकी गुणवत्ता के अनुसार खेलना चाहिए.’
टी20 और वनडे में बताया बड़ा अंतर
गावस्कर ने टी20 और वनडे क्रिकेट के बीच अंतर भी समझाया. उन्होंने कहा कि टी20 में शुरुआत से आक्रामक बल्लेबाजी की जरूरत होती है, लेकिन वनडे क्रिकेट में बल्लेबाजों के पास समय होता है कि वे पहले पिच और परिस्थितियों को समझें, फिर बड़े शॉट खेलें. उनका मानना है कि अगर भारतीय बल्लेबाज अभी से बड़ी बाउंड्री और समझदारी भरी बल्लेबाजी की तैयारी करेंगे, तो 2027 वनडे वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की दावेदारी और मजबूत होगी.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.