Last Updated:
Virat Kohli special post Rahane viral: विराट कोहली के ‘पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी जोड़ीदार’ और भारतीय टीम के पूर्व उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायरमेंट ले लिया ‘जिंक्स’ के नाम से मशहूर रहाणे ने 85 टेस्ट में 5,077 रन बनाए. कोहली, युवराज सिंह, हरभजन सिंह और सूर्यकुमार यादव जैसे दिग्गजों ने उनके योगदान को सराहा.
विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे को बेस्ट पाटर्नर बताया.
नई दिल्ली. ‘स्लिप में सबसे सेफ जोड़ी और मेरे पसंदीदा टेस्ट बल्लेबाजी जोड़ीदार…’— ये शब्द भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के हैं. जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में अपने सबसे भरोसेमंद साथी अजिंक्य रहाणे के संन्यास पर यह भावुक प्रतिक्रिया दी. विराट कोहली के नेतृत्व वाली भारत की सबसे प्रभावशाली टेस्ट टीम के अहम सदस्य और उपकप्तान रहे रहाणे ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है. कोहली ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रहाणे को बधाई देते हुए लिखा, ‘जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई, दोस्त. तुमने भारतीय क्रिकेट के लिए कमाल किया है. तुम्हें अपने सफर पर बहुत गर्व हो सकता है. हमेशा तुम्हारे अच्छे की कामना. भगवान तुम्हें हमेशा खुश रखे.’
‘जिंक्स’ के नाम से मशहूर 38 वर्षीय अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) का संन्यास भारतीय क्रिकेट के एक बेहद अनुशासित, शांत और जुझारू अध्याय के समापन का प्रतीक है. विराट कोहली (Virat Kohli) के अलावा क्रिकेट जगत के कई अन्य दिग्गजों ने भी रहाणे के शानदार योगदान को याद करते हुए अपनी प्रतिक्रियाएं साझा कीं.
विराट कोहली ने अजिंक्य रहाणे को बेस्ट पाटर्नर बताया.
युवराज सिंह (Yuvraj Singh) ने इंस्टाग्राम पर लिखा, ‘जिंक्स, शानदार करियर के लिए बधाई. इस पीढ़ी के सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक, जिन्होंने सभी फॉर्मेट में देश का प्रतिनिधित्व किया. कुछ सबसे बड़े मैचों में सफलतापूर्वक नेतृत्व भी किया. आपने हर मौके पर अच्छा प्रदर्शन किया और आगे के लिए आपको गुड लक.’ हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने रहाणे की शांत मानसिकता की सराहना करते हुए कहा, ‘रहाणे एक शांत दिमाग वाले और खेल पर बहुत गर्व करने वाले टॉप-क्वालिटी क्रिकेटर रहे. उनकी सबसे बड़ी विरासत हमेशा भारत को ऑस्ट्रेलिया में उस ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत तक ले जाना रहेगी, साथ ही अनगिनत शानदार पारियां भी. हैप्पी रिटायरमेंट, जिंक्स.’
घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक मुंबई के लिए रहाणे के साथ खेलने वाले सूर्यकुमार यादव (Suryakumar Yadav) ने लिखा, ‘आपके साथ मैदान और ड्रेसिंग रूम शेयर करना सम्मान की बात थी. खेल के प्रति आपकी शांति, हिम्मत और प्रतिबद्धता ने हममें से बहुतों को प्रेरित किया है. आपको और आपके परिवार को इस नई पारी के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं.’
ऑस्ट्रेलिया दौरा भारतीय क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम पल
अजिंक्य रहाणे के करियर का सबसे यादगार अध्याय 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर लिखा गया. एडिलेड में पहले टेस्ट में मिली करारी हार और विराट कोहली के स्वदेश लौटने के बाद रहाणे ने टीम की कमान संभाली. कई मुख्य खिलाड़ियों की चोटों से जूझ रही एक युवा भारतीय टीम का नेतृत्व करते हुए रहाणे ने अपने शांत स्वभाव और सटीक रणनीतियों के दम पर भारत को ऑस्ट्रेलिया में 2-1 से ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज जीत दिलाई. मेलबर्न में उनके द्वारा लगाया गया कप्तानी शतक इस दौरे का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ था.
शानदार इंटरनेशनल आंकड़े
वर्ष 2011 में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले अजिंक्य रहाणे ने तीनों प्रारूपों में देश का प्रतिनिधित्व किया. उनके करियर के प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं. 85 टेस्ट मैचों में रहाणे ने 12 शतक और 26 अर्धशतक की बदौलत 5,077 रन बनाए. 90 वनडे इंटरनेशनल मैचों में उनके नाम 3 शतक और 24 अर्धशतक की मदद से 2,962 रन दर्ज हैं. 20 टी20 मैचों में उन्होंने भारत के लिए 375 रन बनाए.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.