दुनिया के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने वर्ल्ड कप में बनाए सबसे तेज शतक, एक ही बल्लेबाज के नाम दो बार महारिकॉर्ड


होमखेलक्रिकेटदुनिया के 5 बल्लेबाज…जिन्होंने वर्ल्ड कप में बनाए सबसे तेज शतक

Last Updated:

5 batsman Fastest Hundreds in ODI world cup: वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में जब-जब बल्लेबाजों का बल्ला गरजा है, रिकॉर्ड्स के पन्ने खुद-ब-खुद पलट गए हैं. ग्लेन मैक्सवेल के महज 40 गेंदों वाले ऐतिहासिक तांडव से लेकर एडन मार्करम की ‘मार्करम एक्सप्रेस’, केविन ओ’ब्रायन का 2011 का ऐतिहासिक चमत्कार और एबी डिविलियर्स का 360-डिग्री शो ये पारियां महज आंकड़े नहीं, बल्कि क्रिकेट के मैदान पर मची तबाही की दास्तान हैं. आइए जानते हैं विश्व कप इतिहास के 5 सबसे तेज शतकों के बारे में.

दुनिया के 5 बल्लेबाज...जिन्होंने वर्ल्ड कप में बनाए सबसे तेज शतकZoom

वनडे वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक जड़ने वाले 5 बल्लेबाजों की लिस्ट.

नई दिल्ली. विश्व कप की जब-जब बात होती है, तब-तब उन पारियों को जरूर याद किया जाता है जिन्होंने खेल की रफ्तार बदल दी और चंद ओवरों में ही मैच का रुख पलट दिया. वनडे क्रिकेट के इस सबसे बड़े मंच पर जहां बल्लेबाजों पर दबाव सबसे ज़्यादा होता है, वहीं कुछ ऐसे दिग्गज भी रहे हैं जिन्होंने इस दबाव को हवा में उड़ाते हुए विरोधी गेंदबाजों पर प्रचंड धावा बोला.आइए जानते हैं क्रिकेट इतिहास के उन पांच सबसे तेज शतकों के बारे में, जिन्होंने वर्ल्ड कप के पन्नों पर अपना नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराया.

2023 के वनडे विश्व कप में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम ने एक ऐसी आतिशबाजी देखी, जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी. नीदरलैंड्स के खिलाफ ऑस्ट्रेलियाई पारी के अंत में क्रीज पर आए ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) ने आते ही तबाही मचाना शुरू कर दिया. रिवर्स स्वीप से लेकर गगनचुंबी छक्कों तक, मैदान का हर कोना मैक्सवेल के शॉट्स से गूंज उठा. उन्होंने महज 40 गेंदों में वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे तेज़ शतक जड़ा. मैक्सवेल ने कुल 44 गेंदों का सामना करते हुए 106 रन बनाए. उनकी इस बेखौफ और तूफानी पारी ने वनडे क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी का एक नया मापदंड स्थापित कर दिया.

‘मार्करम एक्सप्रेस’ का धमाकेदार आगाज
ग्लेन मैक्सवेल के करिश्मे से ठीक 18 दिन पहले, इसी दिल्ली के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के एडन मार्करम (Aiden Markram) ने इतिहास रचा था. श्रीलंका के खिलाफ खेले गए इस मुकाबले में मार्करम ने बेजोड़ क्लास और विस्फोटक टाइमिंग का प्रदर्शन करते हुए सिर्फ 49 गेंदों में शतक जड़ दिया था. उन्होंने 54 गेंदों की अपनी पारी में 106 रन ठोके और टीम को विशाल स्कोर तक पहुंचाया . मैक्सवेल का तूफान आने से पहले तक, यह वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास का सबसे तेज शतक था.

बैंगलोर का ऐतिहासिक ‘आयरिश चमत्कार’
अगर क्रिकेट वर्ल्ड कप के सबसे करिश्माई और साहसी शतकों की बात की जाए, तो आयरलैंड के केविन ओ’ब्रायन (Kevin o Brian) की पारी सबसे ऊपर याद की जाएगी. 2011 के विश्व कप में बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंग्लैंड ने आयरलैंड को 328 रनों का विशाल लक्ष्य दिया था. एक समय आयरलैंड की हार तय लग रही थी, तभी गुलाबी बालों वाले केविन ओ’ब्रायन क्रीज़ पर उतरे और उन्होंने इंग्लैंड के स्टार गेंदबाज़ों के छक्के छुड़ा दिए. उन्होंने सिर्फ 50 गेंदों में तूफानी शतक पूरा किया और 63 गेंदों पर 113 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली. ओ’ब्रायन की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर आयरलैंड ने वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा उलटफेर किया. उनका यह रिकॉर्ड 12 सालों तक अटूट रहा.

सिडनी में मैक्सवेल का पहला शो
सबसे तेज शतकों की सूची में ग्लेन मैक्सवेल का नाम एक बार नहीं, बल्कि दो बार आता है. 2015 के वर्ल्ड कप में सिडनी क्रिकेट ग्राउंड पर मैक्सवेल ने श्रीलंका के गेंदबाजों की जमकर क्लास ली थी. मैदान के चारों तरफ अनोखे और अकल्पनीय शॉट्स खेलते हुए उन्होंने मात्र 51 गेंदों में अपना पहला वर्ल्ड कप शतक पूरा किया. मैक्सवेल ने 53 गेंदों का सामना करते हुए 102 रनों की पारी खेली और ऑस्ट्रेलियाई टीम को एक मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.

मिस्टर 360 डिग्री की तूफानी आंधी
क्रिकेट के मैदान पर नामुमकिन को मुमकिन करने की कला अगर किसी के पास थी, तो वो थे दक्षिण अफ्रीका के ‘मिस्टर 360 डिग्री’ एबी डिविलियर्स (AB de Villiers) . 2015 के विश्व कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ सिडनी में डिविलियर्स ने एक ऐसा तांडव मचाया जिसे देखकर दर्शक और विरोधी खिलाड़ी हैरान रह गए. उन्होंने मैदान के हर कोने में गेंद को बाउंड्री पार भेजा और महज 52 गेंदों में अपना शतक जड़ दिया. डिविलियर्स इतने पर ही नहीं रुके. उन्होंने सिर्फ 66 गेंदों पर 162 रनों की नाबाद और अविश्वसनीय पारी खेली, जो वर्ल्ड कप के सबसे यादगार पलों में से एक बन गई.

About the Author

authorimg

Kamlesh Raiचीफ सब एडिटर

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…

और पढ़ें



Source link


Discover more from News Link360

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from News Link360

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading