Last Updated:
इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स के विस्फोटक ओपनर बल्लेबाज शशांक सिंह अपनी घरेलू टीम छत्तीसगढ़ से अलग हो गए हैं. छत्तीसगढ़ को छोड़कर अब शशांक पुडुचेरी के लिए खेलेंगे. इसके साथ ही शशांक ने छत्तीसगढ़ क्रिकेट पर उनका समर्थन नहीं करने का भी आरोप लगाया है. साथ ही शशांक ने यह जानकारी दी कि वह रेड बॉल क्रिकेट से ब्रेक ले रहे हैं.
पंजाब किंग्स में श्रेयस अय्यर के साथ बल्लेबाजी के दौरान शशांक सिंह
नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग में पंजाब किंग्स के लिए खेलने वाले शशांक सिंह एक बार फिर से सुर्खियों में हैं. शशांक अपनी घरेलू टीम छत्तीसगढ़ से अलग हो गए हैं. शशांक सिंह आगामी सीजन में अब पुडुचेरी के लिए खेलेंगे. क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ पुडुचेरी के पूर्व अध्यक्ष पी. दामोदरन ने भी इसकी पुष्टि की है. शशांक के अलावा मुंबई के विकेटकीपर-बल्लेबाज प्रसाद पवार भी पुडुचेरी की टीम में आए हैं.
छत्तीसगढ़ की टीम छोड़ने को लेकर शशांक ने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बात करते हुए कहा, “हां, मैं छत्तीसगढ़ छोड़ रहा हूं. मैंने CSCS से एनओसी ले ली है और 2026-27 सीजन से पुडुचेरी जा रहा हूं. पिछले सीजन में मुझे कंधे और उंगली में गंभीर चोटें आई थीं, लेकिन छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने इस दौर में मेरा बिल्कुल भी समर्थन नहीं किया. सीजन खत्म होने के बाद उन्होंने छत्तीसगढ़ क्रिकेट प्रीमियर लीग 2026 के खिलाड़ियों की लिस्ट में भी मेरा नाम नहीं डाला. इसके अलावा प्री-सीजन कैंप के लिए गई छत्तीसगढ़ की टीम से भी मेरा नाम गायब था. मैंने पूछा कि उन्होंने मेरा नाम क्यों नहीं डाला, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.”
शशांक सिंह ने लगाए छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ पर आरोप
छत्तीसगढ़ क्रिकेट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए शशांक ने कहा, “मुझे बताया गया कि मैं केवल आईपीएल में खेलना चाहता हूं, घरेलू क्रिकेट में छत्तीसगढ़ के लिए नहीं. जबकि सच्चाई यह है कि पिछले साल ही मुझे बीसीसीआई द्वारा सफेद गेंद के सर्किट में भारत का सर्वश्रेष्ठ ऑलराउंडर चुना गया था. इसके लिए मुझे प्रतिष्ठित लाला अमरनाथ पुरस्कार मिला था.” शशांक के पिछले घरेलू सीजन की बात करें तो उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के सात मैचों में 450 रन बनाए थे और 11 विकेट लिए थे. इसके अलावा 2024-25 सत्र में सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी के सात मैचों में 188 रन बनाए थे.
शशांक ने कहा, “मेरा शरीर अभी भी तरोताजा है. यही वजह है कि मैं व्हाइट-बॉल क्रिकेट पर ज्यादा ध्यान दे रहा हूं और इस सत्र के लिए रेड-बॉल क्रिकेट से ब्रेक ले रहा हूं. मैं एक प्रॉपर ऑलराउंडर हूं. मेरा ध्यान पुडुचेरी और आईपीएल में पंजाब किंग्स, दोनों के लिए टी20 क्रिकेट में अपने चार ओवरों का पूरा कोटा गेंदबाजी करने पर है.”
छत्तीसगढ़ के लिए शशांक का करियर
शशांक सिंह साल 2019 में छत्तीसगढ़ की टीम से जुड़े थे. उसके बाद से वह टीम के नियमित सदस्य थे. छत्तीसगढ़ के लिए शशांक ने 24 फर्स्ट क्लास मैचों में 29.9 की औसत से 905 रन बनाए हैं और अपनी मध्यम गति की गेंदबाजी से 47.87 की औसत से 16 विकेट लिए हैं. लिस्ट ए क्रिकेट में उनके आंकड़े थोड़े बेहतर हैं. इस फॉर्मेट में उन्होंने 35 मैचों में 40.53 की औसत से 1054 रन और 37 विकेट लिए, जबकि टी20 में उनका बल्लेबाजी औसत 25.55 का है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.