Year Ender: ये रहे देश के टॉप इंजीनियरिंग संस्थान? साल 2025 में रहा इन संस्थानों का दबदबा
साल 2025 अब अपने आखिरी पड़ाव पर है और इस साल भी पढ़ाई-लिखाई को लेकर छात्रों और अभिभावकों के बीच सबसे ज्यादा चर्चा इंजीनियरिंग संस्थानों की रही. हर साल लाखों छात्र देश के बेहतरीन इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिले का सपना देखते हैं. ऐसे में यह जानना बेहद जरूरी हो जाता है कि इस साल देश के कौन से इंजीनियरिंग संस्थान सबसे आगे रहे.
पिछले महीनों में शिक्षा मंत्रालय की ओर से NIRF रैंकिंग 2025 जारी की गई, जिसमें देश के टॉप इंजीनियरिंग कॉलेजों की सूची सामने आई. यह रैंकिंग पढ़ाई की गुणवत्ता, रिसर्च, शिक्षकों का अनुभव, छात्रों के बेहतर भविष्य और प्लेसमेंट जैसे कई अहम पहलुओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाती है. इस बार भी देश के नामी संस्थानों का दबदबा देखने को मिला.
IIT मद्रास फिर बना नंबर वन
NIRF रैंकिंग 2025 में एक बार फिर आईआईटी मद्रास ने बाजी मारी. इंजीनियरिंग कैटेगरी में इस संस्थान को पहला स्थान मिला है. आईआईटी मद्रास को 88.72 का शानदार स्कोर मिला था. जो यह दिखाता है कि यह संस्थान पढ़ाई, रिसर्च और इनोवेशन के मामले में सबसे आगे है. पिछले कई वर्षों से आईआईटी मद्रास लगातार टॉप पर बना हुआ है और 2025 में भी इसकी यह पहचान कायम रही.
दूसरे और तीसरे स्थान पर कौन?
दूसरे स्थान पर रहा आईआईटी दिल्ली, जिसने 85.74 स्कोर के साथ अपनी मजबूत पकड़ बनाए रखी. इसके बाद तीसरे स्थान पर आईआईटी बॉम्बे रहा, जिसे 83.65 अंक मिले. ये दोनों संस्थान लंबे समय से देश के सबसे भरोसेमंद और पसंदीदा इंजीनियरिंग कॉलेजों में शामिल हैं. यहां से पढ़े छात्र देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में काम कर रहे हैं.
उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल की मौजूदगी
चौथे स्थान पर आईआईटी कानपुर रहा था. आईआईटी कानपुर को 81.82 अंक मिले. वहीं पांचवें स्थान पर आईआईटी खड़गपुर रहा, जो पश्चिम बंगाल में स्थित है और देश के सबसे पुराने आईआईटी में से एक है. यह संस्थान भी रिसर्च और तकनीकी शिक्षा के लिए जाना जाता है.
टॉप-10 में शामिल ये संस्थान
छठे स्थान पर आईआईटी रुड़की रहा, जिसे 75.44 स्कोर मिला. इसके बाद सातवें स्थान पर आईआईटी हैदराबाद और आठवें स्थान पर आईआईटी गुवाहाटी रहे. इस साल आईआईटी हैदराबाद ने एक पायदान ऊपर चढ़ते हुए आईआईटी गुवाहाटी को पीछे छोड़ा है, जो इस रैंकिंग का एक अहम बदलाव माना जा रहा है.
नौवें स्थान पर नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) तिरुचिरापल्ली रहा, जबकि दसवें स्थान पर आईआईटी (बीएचयू) वाराणसी ने जगह बनाई. खास बात यह है कि टॉप-10 में आईआईटी के साथ-साथ एक एनआईटी का शामिल होना बताता है कि दूसरे संस्थान भी तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
यह भी पढ़ें – यूपी में जॉब बूम की तैयारी! 2026 में युवाओं के लिए सुनहरा मौका; पढ़ें डिटेल्स
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
