Google Android 17 Beta जल्द लॉन्च, Pixel यूजर्स को मिलेंगे नए फीचर्स.


स्मार्टफोन यूजर्स के लिए बड़ी खबर है. टेक दिग्गज Google ने आधिकारिक तौर पर अपने अगले बड़े अपडेट Android 17 Beta के जल्द लॉन्च होने की पुष्टि कर दी है. यह जानकारी कंपनी की ओर से एक आधिकारिक रेडिट पोस्ट के जरिए सामने आई है, जिसमें साफ किया गया कि Android 16 QPR3 Beta 2.1 ही Android 16 पर आधारित आखिरी अपडेट होगा. इसके बाद कंपनी पूरी तरह Android 17 प्लेटफॉर्म रिलीज की तैयारी में जुट जाएगी.

कंपनी के मुताबिक, आने वाला Android 17 Beta 1 अपडेट सीधे बीटा वर्जन के रूप में जारी होगा. यानी यह कोई डेवलपर प्रीव्यू नहीं होगा, बल्कि आम बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध कराया जाएगा. इससे खासकर Pixel यूजर्स को अपेक्षाकृत ज्यादा स्थिर और बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है.

रिलीज टाइमलाइन की बात करें तो Android 16 QPR3 Beta 2.1 अब अंतिम चरण में है. इसके बाद Android 17 Beta 1 को फरवरी 2026 में जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है. संभव है कि यह अपडेट कुछ ही दिनों या हफ्तों में रोलआउट हो जाए. कंपनी का लक्ष्य मार्च 2026 तक प्लेटफॉर्म स्टेबिलिटी हासिल करना है, जबकि Android 17 का स्टेबल वर्जन अप्रैल से जून 2026 के बीच यानी दूसरी तिमाही में लॉन्च किया जा सकता है.

किन डिवाइसेज को मिलेगा अपडेट?

Google Pixel स्मार्टफोन्स को हमेशा की तरह इस बीटा अपडेट का पहला फायदा मिलेगा. जो यूजर्स Android Beta प्रोग्राम में पहले से एनरोल्ड हैं, उन्हें यह अपडेट ऑटोमैटिक तरीके से मिल सकता है. हालांकि एक बार Android 17 Beta में शिफ्ट होने के बाद, जून 2026 तक बीटा साइकल खत्म होने से पहले डेटा वाइप किए बिना ऑप्ट-आउट करना संभव नहीं होगा.

संभावित फीचर्स क्या हो सकते हैं?

अभी तक Google ने नए फीचर्स की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन लीक्स के आधार पर कुछ बड़े बदलावों की चर्चा हो रही है.

संभावित बदलावों में Pixel UI में ब्लर और ट्रांसलूसेंट इफेक्ट्स के जरिए ज्यादा मॉडर्न और प्रीमियम लुक दिया जा सकता है. क्विक सेटिंग्स पैनल को स्प्लिट व्यू में लाने का विकल्प भी मिल सकता है, जहां स्टेटस बार पर लेफ्ट स्वाइप से नोटिफिकेशन और राइट स्वाइप से क्विक सेटिंग्स ओपन होंगी.

इसके अलावा स्क्रीन रिकॉर्डिंग के दौरान रियल-टाइम मार्कअप या डूडलिंग की सुविधा मिल सकती है, जिससे यूजर्स वीडियो बनाते समय सीधे स्क्रीन पर ड्रॉ या नोट लिख सकेंगे. होमस्क्रीन पर ऐप लॉक फीचर (PIN, पासवर्ड या बायोमेट्रिक्स के जरिए) भी शामिल किया जा सकता है.

डिजाइन के मोर्चे पर Material 3 Expressive को और बेहतर बनाया जाएगा, जिसे Android 16 में पेश किया गया था. साथ ही सिक्योरिटी, प्राइवेसी और कस्टमाइजेशन फीचर्स में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है.

कुल मिलाकर, Android 17 Beta खासतौर पर Pixel यूजर्स के लिए एडवांस्ड अनुभव लेकर आएगा. वहीं दूसरी ओर, कई अन्य ब्रांड्स खासकर बजट और मिड-रेंज स्मार्टफोन कंपनियां अब भी Android 16 अपडेट को पूरी तरह रोलआउट करने में लगी हुई हैं. ऐसे में Android 17 की दौड़ में फिलहाल Pixel यूजर्स सबसे आगे नजर आ रहे हैं.



Source link


Discover more from News Link360

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from News Link360

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading