Ramadan 2026: पवित्र माह-ए-रमजान का चांद बुधवार 18 फरवरी की शाम को देखा जाएगा. सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं. अगर बुधवार को चांद दिखाई देता है, तो रात की इशा की नमाज के बाद ही तरावीह की नमाज शुरू हो जाएगी और गुरुवार 19 फरवरी को पहला रोजा रखा जाएगा. वहीं, अगर चांद नहीं दिखता है, तो तरावीह की नमाज गुरुवार से शुरू होगी और पहला रोजा शुक्रवार 20 फरवरी को रखा जाएगा.
किस रात को माना जाता है कयामत की रात, कब तक आ सकती है यह रात?
मुफ्ती-ए-शहर अख्तर हुसैन मन्नानी, शहर काजी मुफ्ती मुहम्मद अजहर शम्सी, मुफ्ती मुहम्मद शुएब रजा निजामी, हाफिज रहमत अली निजामी, कारी मुहम्मद अनस नक्शबंदी आदि ने आम जनता से रमजान का चांद देखने की अपील की है. सभी मस्जिदों में रमजान की विशेष नमाज तरावीह की व्यवस्था भी लगभग पूरी कर ली गई है.
मदीना मस्जिद रेती के इमाम मुफ्ती मेराज अहमद कादरी ने बताया कि पवित्र रमजान रहमत और बरकत का महीना है. इस माह में रहमत के दरवाजे खोल दिए जाते हैं, जहन्नम के दरवाजे बंद कर दिए जाते हैं और शैतान जंजीर में जकड़ दिए जाते हैं. नफ्ल का सवाब फर्ज के बराबर और फर्ज का सवाब सत्तर फर्जों के बराबर मिलता है.
माह-ए-रमजान पर बाजारों में बढ़ी रौनक
19 या 20 फरवरी से शुरू होने वाले पवित्र माह-ए-रमजान के स्वागत के लिए रोजेदार तैयार हैं. शहर में तैयारियों का जोश देखने लायक है. मस्जिदों और घरों में साफ-सफाई की जा रही है, जबकि महिलाएं भी इबादत के लिए तैयारियों में व्यस्त हैं.
गाजी रौजा, रहमतनगर, नखास, तुर्कमानपुर, पुराना गोरखपुर, जमुनहिया बाग, अहमदनगर चक्शा हुसैन, रसूलपुर, गोरखनाथ, जाफरा बाजार, रेती चौक, बक्शीपुर, इलाहीबाग, तिवारीपुर और पिपरापुर में सहरी और इफ्तार की विशेष दुकानें लगेंगी, जिनकी तैयारियां पहले से शुरू हैं. इसके अलावा साहबगंज से भी इफ्तार और सहरी का सामान खरीदा जा रहा है. नखास और घंटाघर पर खजूर और सेवईयों की दुकानें सज चुकी हैं. आसपास के इलाके के लोग भी खरीदारी के लिए शहर आ रहे हैं. पवित्र रमजान के आगमन से बाजारों में खास रौनक देखने को मिलेगी.
रमजान में अजीम हस्तियों का उर्स
चिश्तिया मस्जिद बक्शीपुर के इमाम मौलाना महमूद रजा कादरी ने बताया कि रमजान बहुत अजमत और बरकत वाला महीना है. इस माह अजीम हस्तियों की याद में कुरआन ख्वानी और फातिहा ख्वानी आयोजित की जाएगी.
तीन रमजान: हजरत सैयदा फातिमा जहरा रदियल्लाहु अन्हा का उर्स
दस रमजान: उम्मुल मोमिनीन हजरत सैयदा खदीजा तुल कुबरा रदियल्लाहु अन्हा का उर्स
14 रमजान: उम्मुल मोमिनीन हजरत सैयदा सफिया रदियल्लाहु अन्हा का उर्स
17 रमजान: उम्मुल मोमिनीन हजरत सैयदा आयशा सिद्दीका रदियल्लाहु अन्हा और हजरत सैयदा रुकय्या रदियल्लाहु अन्हा का उर्स तथा यौमे शोह-दाए-बद्र
20 रमजान: फतह-ए-मक्का की तारीख
21 रमजान: मुसलमानों के चौथे खलीफा अमीरुल मोमिनीन हजरत सैयदना अली रदियल्लाहु अन्हु का शहादत दिवस
इस प्रकार, पवित्र रमजान के दौरान धार्मिक आयोजनों और बाजारों की तैयारियों का माहौल पूरे शहर में दिखाई देगा.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
