Last Updated:
Axar Patel statement: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल का दर्द छलक उठा. अक्षर ने माना कि टीम 155 रन के स्कोर से 10-15 रन पीछे रह गई. अक्षर के मुताबिक पिच पर नए बल्लेबाजों के लिए बल्लेबाजी करना काफी मुश्किल था, क्योंकि गेंद रुककर और असमान उछाल के साथ आ रही थी. गेंदबाजी में उन्होंने अपने पार्टनर कुलदीप यादव की कमी को महसूस किया. अब दिल्ली कैपिटल्स के पास आगे कोई गलती करने की गुंजाइश नहीं है.

अक्षर पटेल का हार के बाद छलक उठा दर्द.
नई दिल्ली. धीमी और गेंदबाजों की मददगार पिच पर संजू सैमसन की 52 गेंदों में 87 रन की नाबाद पारी के बूते चेन्नई सुपरकिंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 15 गेंद बाकी रहते आठ विकेट से हरा दिया. दिल्ली कैपिटल्स को सात विकेट पर 155 रन पर रोकने के बाद सुपरकिंग्स ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर 159 रन बनाकर प्लेऑफ में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बनाए रखा. चेन्नई की यह 10 मैचों में पांचवीं जीत है और सीएसके पॉइंट टेबल में छठे स्थान पर बनी हुई है.दिल्ली कैपिटल्स इतने ही मैचों में छठी हार के बाद आठ अंकों के साथ सातवें स्थान पर है और प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है. हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने मैच का विश्लेषण करते हुए माना कि 155 रन का स्कोर एक फाइटिंग टोटल था, लेकिन टीम में आठ विशेषज्ञ बल्लेबाजों के होने के बावजूद वे 10-15 रन पीछे रह गए.
अक्षर पटेल (Axar Patel) ने हार के बाद पिच के व्यवहार पर बात करते हुए बताया कि नए बल्लेबाजों के लिए बल्लेबाजी करना बिल्कुल भी आसान नहीं था, क्योंकि गेंद रुककर आ रही थी और कभी नीची तो कभी असामान्य उछाल ले रही थी. हालांकि, उन्होंने संजू सैमसन का उदाहरण देते हुए कहा कि जब बल्लेबाज क्रीज पर सेट हो जाता है, तो विकेट बल्लेबाजी के लिए काफी बेहतर महसूस होने लगता है. अक्षर ने कहा कि मुझे लगता है कि हम 10-15 रन से पीछे रह गए.
अक्षर पटेल का हार के बाद छलक उठा दर्द.
संजू सैमसन ने कार्तिक शर्मा के साथ 114 रन की नाबाद साझेदारी की
जिस पिच पर अन्य बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे, सैमसन ने वहां धाराप्रवाह बल्लेबाजी करते हुए सात चौके और छह छक्के लगाने के अलावा तीसरे विकेट के लिए युवा कार्तिक शर्मा (नाबाद 41) के साथ 66 गेंदों में 114 रन की अटूट साझेदारी की. पिछले मैच में नाबाद अर्धशतक जड़ने वाले कार्तिक ने 31 गेंदों की नाबाद पारी में चार चौके और दो छक्के लगा कर समझदारी से बल्लेबाजी की. दिल्ली कैपिटल्स के लिए कप्तान अक्षर पटेल और लुंगी एनगिडी ने एक-एक सफलता हासिल की.
‘हमें बाकी मुकाबलों में अपना सब कुछ झोंकना होगा’
अक्षर ने टीम की बल्लेबाजी के अंत को सकारात्मक पहलू बताया और कहा कि पांच विकेट जल्दी गिरने के बावजूद अंत में टीम ने अच्छी बल्लेबाजी की. वहीं, गेंदबाजी में हुई चूक पर बात करते हुए अक्षर ने अपने साथी कुलदीप यादव की कमी को महसूस करने की बात कबूली. अब दिल्ली कैपिटल्स के लिए राह कठिन है और वे आगे किसी भी तरह की गलती नहीं कर सकते. अक्षर ने स्पष्ट किया कि बाकी बचे मैचों में टीम को एक साफ मानसिकता के साथ उतरना होगा और जीत सुनिश्चित करने के लिए अपना सब कुछ झोंकना होगा.
दिल्ली ने 7 विकेट पर 155 रन बनाए
इससे पहले ट्रिस्टन स्टब्स (38) और समीर रिजवी (नाबाद 40) के बीच छठे विकेट के लिए 47 गेंदों में 65 रन की साझेदारी के दम पर दिल्ली कैपिटल्स ने खराब शुरुआत से उबरते हुए सात विकेट पर 155 रन बनाए. दिल्ली कैपिटल्स ने 69 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे, लेकिन स्टब्स और रिजवी की साझेदारी के बाद आशुतोष शर्मा की पांच गेंदों में दो छक्के जड़ित 14 रन की पारी से धीमी पिच पर प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया. रिजवी ने 24 गेंदों की नाबाद पारी में चार छक्के लगाए, जबकि स्टब्स ने 31 गेंदों की पारी में एक चौका और दो छक्के जड़े.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
