Last Updated:
Who is Manav Suthar: अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच के लिए लेफ्ट आर्म स्पिनर मानव सुथार को टीम इंडिया के लिए डेब्यू का मौका मिला है. राजस्थान के श्रीगंगानर के रहने वाले मानव सुथार का पिछला घरेलू सीजन बहुत शानदार रहा था, जिसे देखते हुए उन्हें टेस्ट कैप दिया गया.
मानव सुथार का टेस्ट डेब्यू
नई दिल्ली: राजस्थान के श्रीगंगानगर के एक पिता का सपना उस समय सच हो गया, जब उनके बेटे को भारतीय टेस्ट टीम की कैप मिली. यह कहानी है 23 साल के मानव सुथार की, जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच में टीम इंडिया के लिए डेब्यू किया है. मानव सुथार को कुलदीप यादव ने टेस्ट कैप पहनाई. बेहद साधारण परिवार से आने वाले मानव सुथार के लिए यहां तक का सफर आसान नहीं था. कड़ी मेहनत और संघर्षों से लड़कर मानव ने न सिर्फ अपना, बल्कि अपने पिता का सपना भी साकार किया.
मानव के पिता जगदीश सुथार श्रीगंगानगर के एक सरकारी स्कूल में पीटीआई टीचर थे. मानव के परिवार की आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे उनके लिए महंगे क्रिकेट किट और अच्छी कोचिंग की व्यवस्था कर सकें, लेकिन जगदीश सुथार अपनी आँखों में बेटे को क्रिकेटर बनाने का सपना बसा चुके थे. ऐसे में मानव के पिता से जो कुछ भी बन पड़ा, उन्होंने वह सब किया.
टर्फ पिच के लिए मानव के पिता ने लिया कर्ज
बता दें कि मानव ने जब क्रिकेट को गंभीरता से लेना शुरू किया, तो उनके सामने सबसे बड़ी और पहली चुनौती टर्फ पिच की आई, जिस पर वे प्रैक्टिस कर सकें. उस समय श्रीगंगानगर में टर्फ पिचें नहीं थीं. ऐसे में मानव के पिता ने अपने बेटे के लिए खुद की टर्फ पिच बनाने का फैसला किया. मानव को प्रैक्टिस करने में कोई दिक्कत न हो, इसके लिए उनके पिता ने अपने घर के पास एक खाली जमीन किराए पर ली. जमीन तो मिल गई, लेकिन उस पर पिच बनाने के लिए उनके पास पैसे नहीं थे. ऐसे में मानव के पिता ने टर्फ पिच तैयार कराने के लिए बैंक से कर्ज लिया.
नेट्स में मानव ने विराट-रोहित के उड़ाए थे होश
घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने वाले मानव सुथार नेट्स में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को भी गेंदबाजी कर चुके हैं. साल 2023 के वनडे विश्व कप के दौरान मानव ने नेट्स में विराट कोहली और रोहित शर्मा को खूब परेशान किया था. इसके अलावा घरेलू क्रिकेट में भी उनकी गेंदबाजी की काफी चर्चा हो रही थी. यही वजह है कि मानव पर लंबे समय से चयनकर्ताओं की नजर बनी हुई थी.
कैसा है मानव का घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन?
मानव ने साल 2022 में आंध्र प्रदेश के खिलाफ राजस्थान के लिए अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था. राजस्थान के लिए मानव अब तक कुल 29 मैच खेल चुके हैं, जिनमें उनके नाम 129 विकेट दर्ज हैं. इसके अलावा लिस्ट-ए क्रिकेट के 25 मैचों में उन्होंने 34 विकेट लिए हैं, जबकि टी20 फॉर्मेट में उनके नाम 25 विकेट हैं. मानव को इसी साल इंडियन प्रीमियर लीग में गुजरात टाइटंस के लिए भी डेब्यू करने का मौका मिला था.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
