Last Updated:
Kusal Bhurtel Record: नेपाल क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज कुसल भुर्तेल ने अपनी तूफानी बैटिंग से सनसनी मचा दी है. कुसल ने एशियन गेम्स के लिए क्वालिफायर में मलेशिया के खिलाफ दमदार शतकीय पारी खेली. इस पारी के साथ ही कुसल उन बल्लेबाजों के खास क्लब में शामिल हो गए जिन्हें टी20 इंटरनेशनल में बैक टू बैक लगातार दो शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया.
कुसल भुर्तेल ने बनाया विश्व रिकॉर्ड
नई दिल्ली: एशियन गेम्स मेंस क्रिकेट के क्वालिफायर में नेपाल के कुसल भुर्तेल ने अपनी तूफानी बैटिंग से इतिहास रच दिया. चीन के बाद मलेशिया के खिलाफ भी भुर्तेल ने अपने असाधारण फॉर्म को जारी रखते हुए बेहतरीन शतक पारी खेली. इस शतकीय पारी के साथ ही भुर्तेल ने टी20 इंटरनेशनल में एक बड़ी उपलब्धि भी हासिल कर ली. भुर्तेल दुनिया के उन गिने-चुने बल्लेबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने टी20आई में लगातार दो शतक लगाने का कारनामा किया है. इस मामले में नेपाल के कुसल भुर्तेल ने भारत के संजू सैमसन और तिलक वर्मा जैसे धाकड़ खिलाड़ियों की बराबरी की है.
बता दें कि कुसल भुर्तेल ने मलेशिया के खिलाफ मैच से पहले चीन के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाई थी. चीन के खिलाफ मैच में भुर्तेल ने न सिर्फ तूफानी शतक लगाया था बल्कि उन्होंने 6 गेंद में लगातार 6 छक्के लगाने का भी कारनामा किया. मलेशिया के खिलाफ मुकाबले की बात करें तो कुसल ने 54 गेंद में 126 रनों की पारी खेली, जिसमें 8 छक्के और 14 चौके भी शामिल रहे.
नेपाल ने 167 रन से जीता मुकाबले
मुकाबले में नेपाल के खिलाफ मलेशिया ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी का फैसला किया था. मलेशिया का ये फैसला पूरी तरह उस पर उल्टा पड़ गया. टीम के गेंदबाज नेपाल को शुरुआती झटका नहीं दे पाए. सिर्फ इतना ही नहीं, मलेशिया की फील्डिंग भी बहुत खराब रही. यही कारण है कि नेपाल के लिए भुर्तेल और आसिफ शेख ने मिलकर पहले विकेट के लिए 134 रनों की साझेदारी कर डाली. इस साझेदारी में आसिफ ने 24 गेंद में 68 रनों का योगदान दिया. भुर्तेल और आसिफ शेख के अलावा दीपेंद्र सिंह एरी ने भी 31 रनों का योगदान दिया. अपनी इस पारी में उन्होंने 11 गेंदों का सामना करते हुए 4 छक्के लगाए और 1 चौका भी शामिल रहा.
इस तरह नेपाल ने निर्धारित 20 ओवर के खेल में 7 विकेट के नुकसान पर 275 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. इसके जवाब में मलेशिया की बल्लेबाजी पूरी तरह से फ्लॉप रही. टीम के लिए सिर्फ 3 बल्लेबाज दहाई के आंकड़े को पार कर पाए. मलेशिया के लिए कप्तान सयैद अजीज ने सबसे ज्यादा 45 गेंद में 54 रनों की पारी खेली. इसके अलावा शार्विन मुनियांडी ने 18 और असलम खान ने 13 रनों योगदान दिया. इस तरह मलेशिया की पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट पर 108 रन ही बना पाई.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. इस वक्त नेटवर्क 18 समूह में हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं. क्रिकेट के साथ बॉक्सिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, ह…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
