Last Updated:
vaibhav sooryavanshi statement: भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को तीन मैचों की सीरीज में 3-0 से हरा दिया. तीसरे टी20 में भारत की जीत के हीरो युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने 81 रन की शानदार पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड भी मिला. मैच के बाद वैभव ने इस उपलब्धि को अपने लिए ‘सपना सच होने जैसा’ बताया और सफलता का श्रेय कोच, कप्तान व पूरी टीम के भरोसे को दिया.
वैभव सूर्यवंशी के लिए यादगार रही जिम्बाब्वे टी20 सीरीज.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम ने जिम्बाब्वे को 3 टी20 मैचों की सीरीज में 3-0 से हरा दिया. तीसरे टी20 में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को 35 रन से हराकर मैच और सीरीज पर कब्जा किया. भारतीय टीम की जीत में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी की अहम भूमिका रही. मैच और टूर्नामेंट में उन्होंने सर्वाधिक रन बनाते हुए प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज का खिताब जीता. वैभव ने इसके साथ ही सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ दिया. दरअसल, वैभव भारतीय पुरुष क्रिकेट में किसी भी फॉर्मेट में ये दोनों अवॉर्ड जीतने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का रिकॉर्ड नाम किया. इस सम्मान के बाद वैभव ने कहा है कि प्लेयर ऑफ द सीरीज जीतना उनके लिए सपने सच होने जैसा है.
वैभव के लिए यादगार रही सीरीज
‘प्लेयर ऑफ द मैच और सीरीज’ चुने जाने के बाद वैभव सूर्यवंशी ने इसे अपने लिए ‘सपना सच होने जैसा’ पल बताया और टीम प्रबंधन का शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उन्हें हमेशा अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने के लिए प्रोत्साहित किया. सूर्यवंशी ने जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में तीन पारियों में 151 रन बनाए और 50.33 की औसत से रन जुटाए. पहले टी20 मुकाबले में बाएं हाथ के बल्लेबाज ने मात्र 19 गेंदों में तूफानी अर्धशतक जड़ा था, जबकि तीसरे मैच में उन्होंने संयमित बल्लेबाजी करते हुए 49 गेंदों में 81 रन बनाए और भारत को जिम्बाब्वे पर 3-0 से क्लीन स्वीप दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
दो अवॉर्ड जीतकर क्या बोले?
मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में सूर्यवंशी ने कहा, ‘मुझे बहुत अच्छा लग रहा है. यह मेरे लिए सपना सच होने जैसा है. पहला ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ पुरस्कार मिला है. यहां मेरी तैयारी भी काफी अच्छी रही.’ उन्होंने कहा, ‘कोच, कप्तान और पूरी टीम ने मेरा पूरा साथ दिया. मैंने अपना स्वाभाविक टी20 खेल खेलने की कोशिश की. मेरा प्रयास टीम को अच्छी शुरुआत दिलाने का रहता है और अगर शुरुआत अच्छी मिले तो बड़ी पारी खेलने की कोशिश करता हूं.’
सूर्यवंशी ने कहा, ‘मैं यहां अंडर-19 विश्व कप भी खेल चुका हूं और मुझे यहां बल्लेबाजी करना अच्छा लगता है. अभ्यास में जो करता हूं, वही मैच में दोहराने की कोशिश करता हूं.’ मैच की बात करें तो, भारतीय टीम ने तीसरे टी20 में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 192 रन बनाए थे. वैभव सूर्यवंशी ने अपना दूसरा अंतरराष्ट्रीय टी20 अर्धशतक लगाया. इस युवा खिलाड़ी ने 49 गेंदों पर 81 रन की पारी खेली. इसके अलावा, ईशान किशन ने 29 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 27 रन बनाए. रिंकू सिंह ने 14 गेंदों में 25 रन की पारी खेली..
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.