Last Updated:
MS Dhoni slowest innings: भारतीय टीम के पूर्व दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी दुनिया के बेहतरीन फिनिशर में से माने जाते थे, लेकिन साल 2008 में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक ऐसी पारी खेली थी जिसे याद कर आज भी फैंस अपना माथा पीट लेते हैं. धोनी की इस पारी के कारण ही टीम इंडिया को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उस मैच में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा.
टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने अपने करियर में अनगिनत उपलब्धियां हासिल की हैं. कप्तानी हो, बल्लेबाजी या फिर विकेटकीपिंग, अपने दौर में उनका कोई जोड़ नहीं था. लेकिन कुछ चीजें ऐसी भी हैं, जिन्हें धोनी के फैंस आज भी याद करके माथा पीट लेते हैं. एक तरह से देखा जाए, तो वे उनके शानदार करियर पर एक धब्बे की तरह हैं.
दरअसल, धोनी ने अपने टी20 करियर में एक ऐसी धीमी पारी खेली थी, जिसके कारण भारतीय टीम को काफी शर्मिंदगी झेलनी पड़ी थी. धोनी की यह पारी साल 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आई थी, जब उन्होंने 27 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 9 रन बनाए थे. टी20 में धोनी की यह पारी टेस्ट मैच से भी धीमी और बदतर मानी जाती है. इतना ही नहीं, वह अपनी इस पारी में एक भी बाउंड्री नहीं लगा पाए थे. इस मैच में धोनी से ज्यादा गेंदें सिर्फ इरफान पठान ने ही खेली थीं, जिन्होंने 30 गेंदों में 26 रन बनाए.
74 रनों पर सिमट गई थी टीम इंडिया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस मुकाबले में सिर्फ धोनी ही नहीं, बल्कि टीम इंडिया का हर बल्लेबाज फ्लॉप रहा था. इरफान पठान को छोड़कर अन्य कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर पाया था. यही वजह रही कि पूरी भारतीय टीम 17.3 ओवरों में महज 74 रन बनाकर सिमट गई. हालत यह थी कि पूरी पारी में भारत की तरफ से एक भी छक्का नहीं लगा और सिर्फ तीन बल्लेबाजों ने एक-एक चौका जड़ा. गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से नाथन ब्रैकन ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए. इसके अलावा एडम वोग्स के खाते में 2 विकेट आए, जबकि ब्रेट ली, एशले नोफके, जेम्स होप्स और डेविड हसी को एक-एक सफलता मिली.
ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट से जीता मैच
भारतीय बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 75 रनों का आसान लक्ष्य मिला था, जिसे उसने 11.2 ओवरों में केवल 1 विकेट खोकर हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया की तरफ से ओपनर एडम गिलक्रिस्ट ने 22 गेंदों में 25 रनों की पारी खेली. इसके अलावा कप्तान माइकल क्लार्क ने 36 गेंदों में 37 रनों का योगदान दिया, जबकि ब्राड हॉज 10 गेंदों में 10 रन बनाकर नाबाद रहे. भारत की तरफ से एकमात्र सफलता प्रवीण कुमार को मिली, जिन्होंने 2 ओवरों में 15 रन देकर 1 विकेट अपने नाम किया.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
