ई-चालान के नाम पर साइबर ठग लोगों को अपनी जाल में फंसाने के लिए फर्जी मैसेज और लिंक भेज रहे हैं. जानिए यह नया ऑनलाइन स्कैम कैसे काम करता है और इससे खुद को सुरक्षित कैसे रखें…

ऑनलाइन ठगी करने वाले आम लोगों को धोखा देने के लिए लगातार नए-नए तरीके खोजते रहते हैं. अब उन्होंने ई-चालान के जरिए लोगों को ठगना शुरू कर दिया है. इस समय देश में एक बड़ा ऑनलाइन घोटाला वाहन चालकों को निशाना बना रहा है.

साइबर सुरक्षा कंपनी साइबल ने खुलासा किया है कि ई-चालान पोर्टल जैसी दिखने वाली 36 फर्जी वेबसाइटें लोगों से ठगी कर रही हैं. ठगों ने यह नई तरकीब तैयार की है, जिसमें किसी ऐप को डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होती. लोग सिर्फ एक मैसेज के जरिए ही उनके जाल में फंस जाते हैं. आइए जानते हैं कि यह पूरा घोटाला कैसे काम करता है.

स्कैमर मैसेज भेजकर लोगों को फंसा रहे हैं- सबसे पहले स्कैमर भारतीय नंबर से मैसेज भेजते हैं. जांच करने पर यह नंबर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) से जुड़ा हुआ दिखता है, जिससे लोगों को उस पर भरोसा करना आसान हो जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

मैसेज में बताया जाता है कि उनके नाम पर ट्रैफिक चालान जारी हुआ है और चालान की रकम आमतौर पर कम होती है.

इसके अलावा डर पैदा करने के लिए 24 घंटे की अंतिम समय-सीमा भी दी जाती है. समय पर भुगतान न करने पर कानूनी कार्रवाई की धमकी दी जाती है. मैसेज में एक लिंक होता है, जो यूजर्स को एक फर्जी वेबसाइट पर ले जाता है.

फर्जी वेबसाइट पर होता है पूरा खेल- यह फर्जी वेबसाइट सरकारी वेबसाइट की बिल्कुल नकल होती है. इसमें सरकारी वेबसाइट जैसा ही लोगो और रंगों का इस्तेमाल किया जाता है. जैसे ही यूजर अपना वाहन नंबर दर्ज करता है, वहां एक नकली चालान रिकॉर्ड दिखाया जाता है. इसके बाद यूजर को पेमेंट पेज पर ले जाया जाता है, जहां सिर्फ क्रेडिट और डेबिट कार्ड से भुगतान करने का विकल्प होता है.

जैसे ही यूजर अपने कार्ड की जानकारी भरता है, पैसे और कार्ड डिटेल्स सीधे स्कैमर के पास पहुंच जाती हैं. ऐसे स्कैम से कैसे बचें? अज्ञात नंबर से आए मैसेज में दी गई किसी भी लिंक पर क्लिक न करें, चालान की जांच के लिए हमेशा आधिकारिक ट्रैफिक या सरकारी वेबसाइट का ही इस्तेमाल करें.

अगर कोई वेबसाइट सिर्फ कार्ड से भुगतान का विकल्प देती है, तो सावधान हो जाएं, अगर आपको अज्ञात नंबरों से ऐसे मैसेज लगातार मिल रहे हैं, तो उन्हें तुरंत रिपोर्ट करें.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
