न आवाज, न कंटेंट…फिर भी मिलियन व्यूज़, 140 साल अवधि वाला वीडियो बना इंटरनेट सेंसेशन, सब हुए हैरान
इस वीडियो को 5 जनवरी 2026 को @ShinyWR नाम के चैनल ने अपलोड किया था. अब तक इसे करीब 20 लाख बार देखा जा चुका है और इस पर लगभग 28 हजार कमेंट्स आ चुके हैं. वीडियो में देखने या सुनने के लिए कुछ भी नहीं है. स्क्रीन पूरी तरह ब्लैंक रहती है, कोई आवाज नहीं आती और प्ले करने पर भी कुछ नहीं होता.
मामला तब और दिलचस्प हो जाता है जब कोई वीडियो को प्ले करता है. थंबनेल पर जहां 140 साल की अवधि दिखती है, वहीं प्ले दबाते ही वीडियो की लंबाई 12 घंटे हो जाती है. कई यूज़र्स ने कमेंट्स में यह बात बताई है ताकि लोग यह न समझें कि उन्हें सैकड़ों साल तक वीडियो देखना होगा.
वीडियो का डिस्क्रिप्शन भी रहस्य को और गहरा कर देता है. यह अरबी भाषा के अक्षरों में लिखा हुआ है, जिसका कथित अनुवाद है- ‘आओ, मुझसे नर्क में मिलो.’
इसके स्क्रीनशॉट्स Threads और X (पहले Twitter) जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गए, जहां लोग इसके मतलब को लेकर बहस करने लगे.
अब तक इस वीडियो को लेकर कोई साफ जवाब सामने नहीं आया है. कुछ लोगों का मानना है कि यह YouTube का कोई टेक्निकल ग्लिच हो सकता है या फिर कोई टेस्ट वीडियो, जो गलती से पब्लिक हो गया. वहीं कुछ यूज़र्स इसे Alternate Reality Game (ARG) का हिस्सा मान रहे हैं, जिसमें जानबूझकर रहस्यमयी कंटेंट पोस्ट किया जाता है.
कई लोगों ने यह भी नोट किया है कि चैनल दावा करता है कि वह उत्तर कोरिया (North Korea) से ऑपरेट होता है और उसने जुलाई 2023 में YouTube जॉइन किया था, जिससे सस्पेंस और बढ़ गया है.
यह पहली बार नहीं है जब @ShinyWR ने अजीब लंबाई वाले वीडियो अपलोड किए हों. इससे पहले चैनल पर 294 घंटे और 300 घंटे से ज्यादा लंबे वीडियो भी डाले जा चुके हैं. एक यूज़र ने Threads पर सुझाव दिया कि यह पुराने टेस्ट चैनलों जैसा हो सकता है, जिनका इस्तेमाल प्लेटफॉर्म के इंटरनल एक्सपेरिमेंट्स के लिए किया जाता था.
हालांकि 140 साल का रनटाइम बेहद अजीब है, लेकिन YouTube पर इससे पहले भी लंबे वीडियो देखे जा चुके हैं. प्लेटफॉर्म पर सबसे लंबा ज्ञात वीडियो 596 घंटे का है, जिसे साल 2011 में अपलोड किया गया था.
कुछ यूज़र्स ने इस पूरे मामले को मज़ाकिया अंदाज़ में भी लिया. एक यूज़र ने पूछा कि इतने लंबे वीडियो में कितने विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं, जबकि दूसरे ने सभी को याद दिलाया कि असल प्लेबैक टाइम सिर्फ 12 घंटे है.
फिलहाल, यह ब्लैंक वीडियो एक रहस्य बना हुआ है. यह ग्लिच है, टेस्ट है या कोई सोची-समझी शरारत-यह साफ नहीं है. लेकिन इतना तय है कि बिना एक भी फ्रेम दिखाए इस वीडियो ने इंटरनेट की जिज्ञासा ज़रूर जीत ली है.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
