फोटो क्लिक करने के अलावा भी बहुत कुछ करता है फोन का कैमरा, 90% नहीं जानते इसकी 6 छुपी हुई ट्रिक
क्या आप जानते हैं कि आपके स्मार्टफोन का कैमरा सिर्फ फोटो और वीडियो के लिए नहीं है? रिमोट चेक करने से लेकर ट्रांसलेशन, स्कैनिंग और मापने तक, जानिए मोबाइल कैमरा के 6 स्मार्ट इस्तेमाल के बारे में…

जब कैमरे की बात होती है तो उसका काम क्या होता है? पहला, फोटो खींचना और दूसरा, वीडियो रिकॉर्ड करना. ज़्यादातर लोग अच्छे कैमरे वाला स्मार्टफोन इसी काम के लिए खरीदते हैं. लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि असल में फोन का कैमरा सिर्फ फोटो और वीडियो लेने के लिए ही नहीं होता. इसका इस्तेमाल कई दूसरे कामों के लिए भी किया जा सकता है.

जब टीवी या एसी का रिमोट काम नहीं करता, तो फोन के कैमरे की मदद से आप यह पहचान सकते हैं कि बैटरी खत्म हो गई है या रिमोट खराब हो गया है. इसके लिए रिमोट को फोन के कैमरे के सामने पकड़ें और रिमोट के बटन दबाएं. फोन के कैमरे में रिमोट को देखें.

अगर रिमोट के आईआर ब्लास्टर पर नीली रोशनी दिखाई देती है, तो रिमोट ठीक है. लेकिन अगर आईआर ब्लास्टर पर कोई रोशनी नहीं दिखती, तो समझ लें कि या तो रिमोट की बैटरी बदलने की जरूरत है या फिर रिमोट ही खराब हो गया है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दूसरी बात ये है कि मोबाइल फोन के कैमरे का इस्तेमाल आप छोटे-छोटे डिटेल साफ तरीके से देखने के लिए कर सकते हैं. स्मार्टफोन कैमरों का ज़ूम और ऑटोफोकस इतना एडवांस हो चुका है कि उन्हें मैग्नीफाइंग ग्लास) की तरह इस्तेमाल किया जा सकता है.

उदाहरण के तौर पर, अगर कोई चीज़ बहुत बारीक अक्षरों में लिखी हो, तो ज़ूम इन करने से वह ज़्यादा साफ़ दिखाई देने लगती है. फ्लैश चालू करके आप उसे और भी बेहतर तरीके से देख सकते हैं.

कई बार हमें किसी चीज़ को मापना होता है, लेकिन हमारे पास कोई मापने का साधन नहीं होता. ऐसे में फोन का कैमरा बहुत काम का साबित होता है. अगर आपके पास iPhone है, तो आप Measure ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं. वहीं अगर आपके पास एंड्रॉयड फोन है, तो प्ले स्टोर पर इसी तरह के हजारों ऐप्स उपलब्ध हैं. इन ऐप्स की मदद से बिना स्केल या किसी दूसरे ज़रूरी उपकरण के चीज़ों को मापना आसान हो जाता है.

अगर आप किसी ऐसी जगह यात्रा कर रहे हैं जहां आपको भाषा की जानकारी नहीं है, या फिर आप किसी रेस्टोरेंट में खाने गए हैं और मेन्यू किसी दूसरी भाषा में लिखा हुआ है, तो आपके फोन का कैमरा भाषा की बाधा को दूर कर सकता है. इसके लिए आपको Google Translate जैसे ऐप का इस्तेमाल करना होगा. फोन का कैमरा दूसरी भाषा में लिखे गए टेक्स्ट को रियल-टाइम में आपकी अपनी भाषा में बदलकर दिखा देता है, जिससे आपको सब कुछ आसानी से समझ में आ जाता है.

कई बार हमें अपने आसपास मौजूद चीज़ों के बारे में जानने की जिज्ञासा होती है. ऐसे में फोन का कैमरा हमें वह जानकारी दे सकता है. इसके लिए आपको Google Lens का इस्तेमाल करना होगा, जो आपके द्वारा क्लिक की गई किसी भी फोटो को ऑनलाइन सर्च करके उससे जुड़ी जानकारी दिखाता है. इसलिए अगर आपको किसी के जूते, कपड़े या घड़ी पसंद आ जाए, तो इंटरनेट पर घंटों खोजने के बजाय आप उन्हें सीधे अपने फोन के कैमरे की मदद से ढूंढ सकते हैं.

कई बार किसी दस्तावेज़ या पेपर को स्कैन करके कहीं भेजना होता है. ऐसे में स्कैनर इस्तेमाल करने के बजाय आप फोन के कैमरे से ही उसे स्कैन कर सकते हैं. फोन में ही पेपर स्कैन करने का फीचर मौजूद होता है, इसलिए अलग से कोई ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती. अपने फोन के कैमरे का इस्तेमाल करके आप किसी भी पेपर को आसानी से स्कैन कर सकते हैं.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
