Bike idling Overnight Disadvantages : रात भर बाइक ऑन रखना…मैकेनिक की सलाह ने ले ली चार की जान, आप भूलकर न करें ये काम

नई दिल्‍ली. अक्सर लोग मैकेनिक की बातों को पत्थर की लकीर मान लेते हैं, लेकिन यही भरोसा कभी-कभी मौत का सबब बन सकता है. आंध्रप्रदेश के अन्नमैया जिले के पुंगनूर में एक ऐसी ही दर्दनाक घटना घटी, जहां रात भर चालू छोड़ी गई एक मोटरसाइकिल से निकले जहरीले धुएं ने एक ही परिवार के चार सदस्यों की जान ले ली. मृतकों में 70 वर्षीय बुजुर्ग और उनके तीन मासूम पोते-पोतियां शामिल हैं. इस बाइक की मालिक मुरली मरम्‍मत कराई थी और मैकेनिक ने सलाह दी कि पिस्‍टन को ‘सेट’ करने के लिए उसे पूरी रात चालू रखना होगा.

मुरली ने मैकेनिक की बात मान ली और रात बाइक घर के अंदर खड़ा करके स्टार्ट छोड़ दी. घर के सारे दरवाजे और खिड़कियां बंद करके मुरली के पिता पिता रामचंद्रैया (70), बेटा कार्तिक (15) और 8 साल की जुड़वां बेटियां चारिता और चंदना सो गए. मुरली और उनकी पत्‍नी छत पर सोने चले गए. जैसे-जैसे रात बीती बंद कमरे में बाइक से निकलने वाला धुआं भरता गया. नींद में सो रहे चारों लोगों को पता भी नहीं चला कि वे ऑक्सीजन की जगह जहर सांस में ले रहे हैं. सुबह जब मुरली नीचे आए तो उनके पिता और तीनों बच्चे मृत पाए गए.

कार्बन मोनोऑक्साइड है ‘साइलेंट किलर’

पुलिस की प्रारंभिक जांच में मौत का कारण कार्बन मोनोऑक्साइड से दम घुटना सामने आया है. कार्बन मोनोऑक्‍साइउ एक रंगहीन और गंधहीन गैस है जिसके फैलने पता ही नही चलता. जब कोई पेट्रोल इंजन बंद जगह पर चलता है तो वह भारी मात्रा में यह गैस छोड़ता है. यह गैस खून में मिलकर ऑक्सीजन के प्रवाह को रोक देती है, जिससे व्यक्ति बिना किसी छटपटाहट के गहरी नींद में ही दम तोड़ देता है.

भूलकर भी न करें ऐसी गलती

यह घटना हर उस व्यक्ति के लिए सबक है जो बंद गैरेज या कमरों में गाड़ी चालू छोड़ देते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी वाहन को बंद जगह पर 5 मिनट से ज्यादा स्टार्ट रखना जानलेवा हो सकता है. इसलिए आप भी कभी भी अपनी बाइक या कार किसी बंद जगह पर चालू न छोड़ें.

रातभर बाइक चालू रखने के नुकसान

बाइक को रात भर चालू (Idle) रखना किसी भी तरीके से ठीक नहीं है. बहुत से मैकेनिक अक्सर इंजन को ‘सेट’ करने के लिए ऐसा करने की सलाह दे देते हैं, जो की ठीक नहीं है. नई बाइक या नए पिस्टन को ‘सेट’ करने का सही तरीका उसे धीमी गति पर चलाना होता है, न कि उसे एक जगह खड़ा करके घंटों चालू रखना.

इंजन ओवरहिट हो सकता है : ज्यादातर बाइक्स का इंजन ‘एयर-कूल्ड’ होता है, जिसे ठंडा रखने के लिए गाड़ी का चलना और एयरफ्लो होना जरूरी है. जब बाइक रात भर स्टैंड पर एक ही जगह चालू रहती है, तो इंजन को ठंडी हवा नहीं मिल पाती. इससे इंजन का तापमान खतरनाक स्तर तक बढ़ सकता है, जो सिलेंडर हेड, पिस्टन और वाल्व जैसे नाजुक हिस्सों को नुकसान हो सकता है.

इंजन ऑयल में मिलावट : जब बाइक स्‍टैंड पर चालू रहती है तो ज्यादा पेट्रोल की जरूरत होती है. ऐसी स्थिति में पूरा पेट्रोल जल नहीं पाता और वह कच्चा पेट्रोल पिस्टन रिंग्स के जरिए रिसकर नीचे इंजन ऑयल में जा सकता है. ऐसा होने पर इंजन ऑयल पतला हो जाता है और उसकी चिकनाई (Lubrication) खत्म हो जाती है.

कार्बन जमा होना : खड़ी गाड़ी में पेट्रोल का दहन (Combustion) पूरी तरह से नहीं होता. अधजले पेट्रोल के कारण इंजन के भीतर भारी मात्रा में कार्बन जमा होने लगता है. यह कार्बन स्पार्क प्लग, वाल्व और पिस्टन के सिरों पर एक मोटी परत बना लेता है. इसका सीधा असर बाइक की परफॉर्मेंस पर पड़ता है.

(IANS इनपुट के साथ)

Source link


Discover more from News Link360

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

Discover more from News Link360

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading