Last Updated:
Ishan Kishan likley to captain SRH IPL 2026: पैट कमिंस के आईपीएल 2026 में सनराजइर्स हैदराबाद टीम से जुड़ने को लेकर सस्पेंस बना हुआ है. ऐसे में टी20 वर्ल्ड कप विनर भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन टीम के लिए कप्तानी की भूमिका में नजर आ सकते हैं. मैनेजमेंट ने ईशान किशन के नाम को लेकर चर्चा की है.

ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कर सकते हैं कप्तानी.
नई दिल्ली. आईपीएल का 19वां सीजन 28 मार्च से शुरू हो रहा है. डिफेंडिंग चैंपियंस रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच भिड़ंत से टूर्नामेंट के आगाज होगा. सभी टीमों ने टूर्नामेंट की तैयारियां शुरू कर दी हैं. हालांकि, सनराजइर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस के टीम से जुड़ने को लेकर अभी तक सस्पेंस बना हुआ है. पैट कमिंस के शुरुआती मुकाबले मिस करने की भी संभावना जताई जा रही है. इस बीच बड़ी खबर सामने आई है कि विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन टीम की कमान संभालते नजर आ सकते हैं. ईशान किशन ने हाल ही में खत्म हुए टी20 वर्ल्ड कप की विजेता भारतीय टीम को खिताब दिलाने में बड़ी भूमिका निभाई.
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक बाएं हाथ के बल्लेबाज ईशान किशन आईपीएल 2026 सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करने के लिए सबसे आगे हैं, क्योंकि अभी तक यह साफ नहीं है कि पैट कमिंस टीम के साथ कब जुड़ेंगे. सूत्रों से पता चला है कि सनराइजर्स हैदराबाद मैनेजमेंट ने इस बारे में चर्चा की है और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज की गैर-मौजूदगी में कप्तानी की जिम्मेदारी संभालने के लिए ईशान को सबसे सही उम्मीदवार माना है.
ईशान किशन सनराइजर्स हैदराबाद की कर सकते हैं कप्तानी.
पैट कमिंस को क्या हुआ?
दरअसल, कमिंस जुलाई 2025 से पीठ की चोट से जूझ रहे हैं. कमिंस दिसंबर में एशेज सीरीज का एक मैच खेले थे, लेकिन उसके बाद से उन्होंने कोई मैच नहीं खेला है. वह T20 वर्ल्ड कप 2026 का भी हिस्सा नहीं थे. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने अभी तक उन्हें क्रिकेट में वापसी के लिए मंजूरी नहीं दी है. हालांकि, अभिषेक शर्मा भी टीम में कप्तानी के दावेदार हैं, लेकिन मैनेजमेंट ईशान किशन को इस भूमिका में देख रहा है.
ईशान को कप्तानी का है अनुभव
ईशान किशन ने अभी तक आईपीएल में कप्तानी नहीं की है, लेकिन वह इस भूमिका को अच्छी तरह से निभा सकते हैं. ईशान को टी20 फॉर्मेट में कप्तानी का अच्छा खासा अनुभव है. उन्होंने भारत को 2016 के अंडर-19 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचाया था. इसके अलावा ईशान ने अलग-अलग फॉर्मेट में झारखंड की लगभग 80 मुकाबलों में कमान संभाली है. पिछले साल उन्होंने झारखंड को अपनी कप्तानी में ही पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जिताया था. इस लीग में कप्तानी के साथ-साथ उन्होंने दमदार बल्लेबाजी भी की थी. इस प्रदर्शन के आधार पर ही उनकी दो साल बाद टीम इंडिया में वापसी हुई, जब उन्हें टी20 वर्ल्ड कप और न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम का हिस्सा बनाया गया. ईशान का टी20 में कप्तानी रिकॉर्ड देखें तो उन्होंने 29 मैचों में 23 जिताए हैं. 5 मैचों में ही सिर्फ हार मिली है, जबकि एक मैच टाई रहा.
कैसा रहा आईपीएल 2025?
किशन ने आईपीएल में खुद को सबसे विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाजों में से एक के तौर पर स्थापित किया है. दुनिया की इस सबसे बड़े क्रिकेट लीग में उन्होंने 119 मैचों में सनराइजर्स हैदराबाद समेत तीन फ्रेंचाइजी के लिए खेलते हुए 29.10 की औसत और 137.64 के स्ट्राइक रेट से 2998 रन बनाए हैं. इस दौरान एक शतक, 17 अर्धशतक भी लगाए. वहीं, विकेटकीपिंग करते हुए ईशान के नाम 59 कैच और पांच स्टंपिंग भी दर्ज हैं. बात करें उनके 2025 आईपीएल में प्रदर्शन की तो 14 मैचों में 152.58 के स्ट्राइक रेट से 354 रन बनाए, जिसमें एक शतक और एक अर्धशतक शामिल था. यह उनका SRH के लिए पहला ही आईपीएल सीजन था. 2025 के लिए हुए मेगा ऑक्शन में फ्रेंचाइजी ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपये देकर खरीदा था, जिसके बाद 2026 के लिए रिटेन किया.
About the Author

नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
