Last Updated:
Yuzvendra Chahal stopped consuming alcohol: आईपीएल से पहले पंजाब किंग्स के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल ने बड़ा बदलाव करते हुए पिछले छह महीनों से शराब का पूरी तरह त्याग कर दिया है. 35 साल की उम्र में अपनी फिटनेस को 150 प्रतिशत तक ले जाने का लक्ष्य रखने वाले चहल ने एबी डिविलियर्स के सामने खुलासा किया कि पिछला फाइनल उन्होंने पसलियों में फ्रैक्चर के बावजूद खेला था. आईपीएल के इतिहास में सर्वाधिक 221 विकेट लेने वाले इस खिलाड़ी का अब एकमात्र मिशन पंजाब किंग्स को उसका पहला खिताब दिलाना है.

युजवेंद्र चहल ने 6 महीनों से शराब को हाथ नहीं लगाया है.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट के सबसे चतुर स्पिनरों में से एक युजवेंद्र चहल ने अपनी निजी जिंदगी और करियर को लेकर एक ऐसा खुलासा किया है, जिसने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया है. आईपीएल में पंजाब किंग्स की ओर से मैदान पर उतरने के लिए तैयार चहल ने अपनी फिटनेस और खेल के प्रति समर्पण को एक नए स्तर पर ले जाने का फैसला किया है. दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स के यूट्यूब शो पर बात करते हुए चहल ने बताया कि उन्होंने पिछले 6 महीनों से शराब को हाथ नहीं लगाया है. चहल के इस फैसले का डिविलियर्स ने भी तालियां बजाकर स्वागत किया.
युजवेंद्र चहल (Yuzvendra Chahal) अब करियर के उस पड़ाव पर हैं जहां फिटनेस सबसे बड़ी चुनौती होती है. अपनी नई जीवनशैली पर बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘मैंने शराब पीना छोड़ दिया है और इसे अब छह महीने से ज्यादा का समय हो गया है. मैं अब 35 साल का हूं, इसलिए मैं अधिक सक्रिय रहना चाहता हूं और अपनी टीम के लिए अपना 150 प्रतिशत देना चाहता हूं. एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते, मैं चाहता हूं कि आईपीएल में युवा खिलाड़ी मुझसे कुछ सीखें.’
युजवेंद्र चहल ने 6 महीनों से शराब को हाथ नहीं लगाया है.
पिछले सीजन की वो टीस
पंजाब किंग्स के लिए पिछला सीजन शानदार रहा था, लेकिन खिताबी मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ महज 6 रनों से मिली हार ने पूरी टीम को तोड़ दिया था. चहल ने स्वीकार किया कि फाइनल में दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर मार्को जानसन की गैरमौजूदगी उन्हें भारी पड़ी. जानसन वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की तैयारी के लिए स्वदेश लौट गए थे. चहल ने कहा, ‘अगर जानसन फाइनल में होते, तो हम निश्चित रूप से चैंपियनशिप जीतते. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी की थी और अंत में बड़े छक्के लगाने की उनकी क्षमता टीम के लिए बहुत जरूरी थी.’
चोट और दर्द के बीच खेला था पिछला फाइनल
चहल ने पहली बार खुलासा किया कि पिछले सीजन के अंत में वह कितनी बुरी चोटों से जूझ रहे थे. उन्होंने बताया कि केकेआर (KKR) के खिलाफ मैच के बाद उनकी पसलियों (Rib) में फ्रैक्चर हो गया था और बाद में उनकी नकल (Knuckle) में भी फ्रैक्चर हुआ. यही वजह थी कि वह सेमीफाइनल और फाइनल में अपनी स्वाभाविक लेग-स्पिन नहीं डाल पा रहे थे. फाइनल में उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 1 विकेट लिया था. चहल ने यह प्रण लिया है कि इस साल वह अपनी बॉडी का सबसे पहले ध्यान रखेंगे ताकि पंजाब को उनका पहला खिताब दिला सकें.
आईपीएल के सबसे सफल गेंदबाज हैं युजवेंद्र चहल
भले ही चहल इस समय भारतीय टीम से बाहर चल रहे हों, लेकिन आईपीएल के इतिहास में उनके जैसा कोई दूसरा नहीं है. 174 मैचों में 221 विकेट के साथ वह आईपीएल के ‘ऑल-टाइम लीडिंग विकेटटेकर’ हैं. इस बार वह आईपीएल में वह न केवल विकेटों का दोहरा शतक पार करना चाहते हैं, बल्कि पंजाब किंग्स की कप्तानी और स्पिन विभाग को वो मजबूती देना चाहते हैं जिसकी कमी पिछले साल खली थी.
About the Author

करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
