
Last Updated:
Suryakumar Yadav removed as T20i Captain of Team India: सूर्यकुमार यादव ने भारत को अपनी कप्तानी में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाया. हालांकि, इस पूरे टूर्नामेंट में उनका बल्ले से योगदान नहीं रहा. एक मुकाबला छोड़कर वह रनों के लिए तरसते दिखे. इसके बाद आईपीएल में भी उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा. उनके खराब फॉर्म को कप्तानी से हटाए जाने की बड़ी वजह माना जा रहा है.
सूर्यकुमार यादव को टी20 टीम की कप्तानी से हटाया गया.
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट जगत से एक बहुत बड़ी खबर आ रही है. अपनी नेतृत्व में भारत को घरेलू मैदान पर टी-20 वर्ल्ड कप जिताने के सिर्फ तीन महीने बाद ही सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटा दिया गया है. बीसीसीआई के इस फैसले के बाद एक बात तो साफ हो गई है कि अब आगे टी20 टीम में भी उनकी जगह बनना मुश्किल होगा. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने सूर्या को कप्तानी से हटाने का फैसला इसी महीने होने वाले आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे से ठीक पहले लिया है. माना जा रहा है कि अगले 24 घंटे टीम इंडिया के नए टी20 कप्तान के नाम पर मुहर लग जाएगी. बीसीसीआई, टीम मैनेजमेंट और सेलेक्टर्स मिलकर नया कप्तान चुनेंगे.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘बीसीसीआई के एक बड़े अधिकारी ने इस बारे में बताया कि कोच गौतम गंभीर, सेलेक्टर्स और बोर्ड ने मिलकर यह तय किया है कि भारतीय टीम को अब एक नए कप्तान के साथ आगे बढ़ना चाहिए. हालांकि, सूर्या की कप्तानी में टीम ने वर्ल्ड कप जीता, लेकिन उनकी मौजूदा फॉर्म और भविष्य को देखते हुए मैनेजमेंट ने अब आगे बढ़ने का फैसला किया है.’
अधिकारी ने आगे कहा, ‘उन्हें आगे टीम चयन के लिए नहीं चुना जाएगा और इस फैसले के बारे में जल्द ही सूर्या को बता दिया जाएगा.’ बता दें कि भारतीय टीम को इसी महीने आयरलैंड में दो और फिर इंग्लैंड में पांच टी-20 मैचों की सीरीज खेलनी है.
खराब फॉर्म बना कारण
पिछले दो साल से सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म टीम के लिए बड़ी चिंता बनी हुई थी. साल 2026 के आईपीएल सीजन में तो उनका प्रदर्शन और भी खराब रहा. हालांकि, उन्होंने सीजन के अपने आखिरी मैच में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एक अर्धशतक जरूर लगाया, लेकिन पूरे सीजन उनका बल्ला खामोश रहा. उन्होंने 13 मैचों में सिर्फ 270 रन बनाए.
टी20 वर्ल्ड कप में भी नहीं चला बल्ला
इसी साल मार्च में भारत ने उनकी कप्तानी में अपना तीसरा टी-20 वर्ल्ड कप जरूर जीता, लेकिन बतौर बल्लेबाज सूर्या का प्रदर्शन बेहद ही खराब रहा, जिसके बाद उन्हें लेकर लगातार सवाल खड़े हो रहे थे. सूर्या को साल 2024 में वेस्टइंडीज में हुए वर्ल्ड कप को जीतने के बाद टीम इंडिया का नया कप्तान नियुक्त किया गया था, क्योंकि रोहित शर्मा ने ट्रॉफी जीतने के साथ ही इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी.
किसे मिलेगी कमान?
रिपोर्ट्स की मानें तो आईपीएल में पंजाब किंग्स की कप्तानी संभाल रहे भारतीय बल्लेबाज श्रेयस अय्यर को नई जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. अय्यर को सूर्यकुमार यादव के लाइक टू लाइक रिप्लेसमेंट के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि संजू सैमसन और तिलक वर्मा का भी इस रेस में है. देखना यह होगा कि चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर के बीच किस नाम पर सहमति बनती है.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.







