
Joe Root World Record: टेस्ट क्रिकेट के महानतम बल्लेबाजों में शुमार जो रूट ने एक ऐसा वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है, जिसके आस-पास भी फिलहाल दुनिया का कोई दूसरा बल्लेबाज नहीं है. न्यूजीलैंड के खिलाफ ओवल में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन जो रूट 46 रन बनाकर आउट हुए. इसी के दौरान रूट ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में बड़ा कीर्तिमान नाम कर लिया.

रूट ने आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के इतिहास में 6,500 रन पूरे कर लिए हैं. वह इस प्रतिष्ठित चैंपियनशिप में इस आंकड़े तक पहुंचने वाले दुनिया के पहले और इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के इतिहास में जो रूट का दबदबा किस कदर है, इसे इस बात से समझा जा सकता है कि उनके बाद दूसरे नंबर पर मौजूद स्टीव स्मिथ (4,564 रन) उनसे कोसों दूर हैं.

रूट ने यह मुकाम अपने 76वें डब्ल्यूटीसी मैच की 139वीं पारी में हासिल किया. इस दौरान उनके आंकड़े किसी को भी हैरान कर सकते हैं. रूट के नाम डब्ल्यूटीसी इतिहास में सबसे ज्यादा 23 शतक दर्ज हैं. दूसरे नंबर पर मौजूद स्टीव स्मिथ के नाम 14 शतक हैं. रूट ने इस दौरान 51 से अधिक की शानदार औसत से रन बनाए हैं. रूट ने 22 अर्धशतक भी लगाए हैं, जबकि उनका उच्चतम स्कोर 262 रन रहा है.

ओवल टेस्ट के दौरान जो रूट ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की. वह मौजूदा डब्ल्यूटीसी साइकल (चैंपियनशिप चक्र) में भी सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने भारतीय कप्तान शुभमन गिल को पीछे छोड़ दिया है. गिल ने इस साइकल में महज 8 मैचों में 79.16 की बेमिसाल औसत से 950 रन बनाए हैं. खास बात यह है कि इस सीजन में रूट और गिल दोनों के नाम संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा 5-5 शतक दर्ज हैं.
Add News18 as
Preferred Source on Google

जो रूट पिछले कई सालों से लगातार इस फॉर्मेट में रन कूट रहे हैं. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के पहले ही सीजन ने उन्होंने रनों का अंबार लगाया है. 2023-25 साइकल में 22 टेस्ट मैचों में 54.66 की औसत से 1,968 रन बनाकर वह टॉप स्कोरर रहे थे.

2021-23 साइकल में 22 मैचों में 53.19 की औसत से 1,915 रन के साथ फिर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने. 2019-21 साइकल में चैंपियनशिप के पहले एडिशन में वह 20 मैचों में 47.42 की औसत से 1,660 रन बनाकर दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे.

ओवल टेस्ट की पहली पारी में रूट अगर दो रन और बना लेते तो उनके 14000 टेस्ट रन पूरे हो जाते. इससे रूट टेस्ट इतिहास में सबसे तेज 14000 रन बनाने का सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ देते. सचिन तेंदुलकर ने 171 मैचों में यह मुकाम हासिल किया था, जबकि रूट ने अभी तक 164 टेस्ट ही खेले हैं.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.







