Last Updated:
Lahiru Udara breaks Sanath Jayasuriya records: एंटीगा टेस्ट में श्रीलंका के ओपनर लाहिरू उदारा ने 188 रनों की तूफानी पारी खेलकर इतिहास रच दिया. अपने तीसरे टेस्ट में उदारा ने 5 छक्के जड़कर महान सनथ जयसूर्या का एक पारी में सर्वाधिक छक्कों का 22 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया. इसके साथ ही उन्होंने दिमुथ करुणारत्ने को पीछे छोड़ते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ किसी श्रीलंकाई ओपनर द्वारा सर्वोच्च स्कोर का नया कीर्तिमान भी स्थापित किया.
लाहिरू उदारा ने टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के जयसूर्या के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
नई दिल्ली. श्रीलंका के सलामी बल्लेबाज लाहिरू उदारा ने अपनी बल्लेबाजी से क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है. दाएं हाथ के इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने कैरेबियाई गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए एंटीगा के नॉर्थ साउंड में वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के पहले ही दिन पहली पारी में 188 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली. 248 गेंदों का सामना करते हुए उदारा ने 75.81 के तूफानी स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की, जिसमें उन्होंने 21 शानदार चौके और 5 गगनचुंबी छक्के जड़े. अपनी इस पारी के दौरान उदारा ने न सिर्फ श्रीलंका क्रिकेट इतिहास के कई पन्ने बदल दिए, बल्कि महान सनथ जयसूर्या का 22 साल पुराना रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.
करियर का तीसरा टेस्ट मैच खेल रहे 32 वर्षीय लाहिरू उदारा (Lahiru Udara) टेस्ट क्रिकेट की एक पारी में 5 छक्के लगाने वाले श्रीलंका के पहले सलामी बल्लेबाज बन गए हैं. इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया. जयसूर्या ने अपने दो दशक से अधिक लंबे इंटरनेशनल क्रिकेट करियर के दौरान टेस्ट की एक पारी में बतौर ओपनर दो बार 4-4 छक्के लगाने का कारनामा किया था.
लाहिरू उदारा ने टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने के जयसूर्या के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है.
जयसूर्या ने दो बार पारी में 4-4 छक्के जड़े
जयसूर्या ने पहली बार साल 2001 में कोलंबो के एसएससी मैदान पर बांग्लादेश के खिलाफ 56 गेंदों में 89 रनों की आतिशी पारी के दौरान 4 छक्के लगाए थे. इसके बाद साल 2004 में फैसलाबाद में पाकिस्तान के खिलाफ 253 रनों की अपनी मैराथन पारी के दौरान भी उन्होंने 4 छक्के जड़े थे. इसके अलावा जयसूर्या ने साल 2004 में हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ 157 रन बनाकर और साल 2006 में कोलंबो के पीएसएस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 73 रन बनाकर 3-3 छक्के लगाए थे. श्रीलंका के अन्य ओपनर्स की बात करें तो माइकल वैनडोर्ट ने साल 2007 में बांग्लादेश के खिलाफ 117 रनों की पारी में और ओशादा फर्नांडो ने साल 2022 में गॉल में पाकिस्तान के खिलाफ 50 रनों की पारी में 3-3 छक्के लगाए थेय. लेकिन उदारा ने इन सभी दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए 5 छक्कों के साथ नया शिखर छू लिया है.
दिमुथ करुणारत्ने का कीर्तिमान भी टूटा
लाहिरू उदारा की इस पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने केवल छक्कों का ही रिकॉर्ड नहीं बनाया, बल्कि वह वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट मैच में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले श्रीलंकाई सलामी बल्लेबाज भी बन गए हैं. इस मामले में उन्होंने पूर्व कप्तान दिमुथ करुणारत्ने का रिकॉर्ड तोड़ा. करुणारत्ने ने अक्टूबर 2015 में वेस्टइंडीज के श्रीलंका दौरे के दौरान गॉल टेस्ट की पहली पारी में 354 गेंदों का सामना करते हुए 186 रन बनाए थे. उदारा ने 188 रन बनाकर करुणारत्ने के इस 11 साल पुराने रिकॉर्ड को भी अपने नाम कर लिया. वह मैच के पहले दिन श्रीलंका के चौथे विकेट के रूप में आउट होकर पवेलियन लौटे, लेकिन तब तक वह अपना नाम इतिहास के पन्नों में दर्ज करा चुके थे.
यशस्वी जायसवाल के नाम है विश्व रिकॉर्ड
अगर बात बतौर सलामी बल्लेबाज टेस्ट की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के वैश्विक रिकॉर्ड की करें, तो यह रिकॉर्ड भारत के युवा सनसनी यशस्वी जायसवाल के नाम है. मुंबई के इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने जुलाई 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने टेस्ट करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद फरवरी 2024 में राजकोट में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए टेस्ट की दूसरी पारी में जायसवाल ने ऐतिहासिक दोहरा शतक (नाबाद 214 रन) जड़ा था, जिसमें उन्होंने रिकॉर्ड 12 छक्के उड़ाए थे.
जायसवाल के अलावा दुनिया के केवल दो अन्य सलामी बल्लेबाज ही एक टेस्ट पारी में 10 से अधिक छक्के लगाने का कारनामा कर पाए हैं. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व आक्रामक ओपनर मैथ्यू हेडन ने साल 2003 में पर्थ के वाका (WACA) मैदान पर जिम्बाब्वे के खिलाफ अपनी ऐतिहासिक 380 रनों की पारी के दौरान 11 छक्के लगाए थे. वहीं, न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम ने नवंबर 2014 में शारजाह में पाकिस्तान के खिलाफ 202 रनों की पारी खेलते हुए 11 छक्के जड़े थे. इस सूची में वेस्टइंडीज के ‘यूनिवर्स बॉस’ क्रिस गेल का नाम भी शामिल है, जिन्होंने साल 2010 में गॉल में श्रीलंका के खिलाफ 333 रनों की पारी के दौरान 9 छक्के लगाए थे। वहीं साल 2008 में नेपियर में न्यूजीलैंड के खिलाफ 197 रन बनाते हुए उन्होंने 7 छक्के भी जड़े थे.
भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा
भारतीय बल्लेबाजों का इस वैश्विक सूची में हमेशा से दबदबा रहा है। नवजोत सिंह सिद्धू ने साल 1994 में लखनऊ में श्रीलंका के खिलाफ 124 रनों की पारी में 8 छक्के लगाए थे. मयंक अग्रवाल ने साल 2019 में इंदौर में बांग्लादेश के खिलाफ 243 रन बनाते हुए 8 छक्के जड़े थे. वहीं वीरेंद्र सहवाग ने साल 2009 में मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में श्रीलंका के खिलाफ 293 रनों की अपनी मशहूर पारी के दौरान 7 छक्के लगाए थे. रोहित शर्मा ने भी साल 2019 में विशाखापत्तनम में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 127 रनों की पारी में 7 छक्के उड़ाए थे, और यशस्वी जायसवाल ने विशाखापत्तनम में ही इंग्लैंड के खिलाफ अपनी 209 रनों की पारी में भी 7 छक्के मारे थे. लाहिरू उदारा ने अपनी इस बेखौफ और रिकॉर्ड तोड़ पारी से न केवल श्रीलंका को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया है, बल्कि यह भी साबित कर दिया है कि उनके पास मॉडर्न टेस्ट क्रिकेट में बड़े-बड़े कीर्तिमान स्थापित करने की पूरी क्षमता है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
