Last Updated:
दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन की जिंदगी क्रिकेट के मैदान से लेकर निजी रिश्तों तक हमेशा सुर्खियों में रही. 16 साल की नौरीन से पहली शादी, बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी संग चर्चित अफेयर व तलाक, और फिर शैनन मैरी संग तीसरी शादी की खबरों ने उनकी लव लाइफ को किसी फिल्मी पटकथा सा बना दिया. मैच फिक्सिंग के काले साए, बीसीसीआई के आजीवन प्रतिबंध और कोर्ट से राहत के बाद, अजहर अब तेलंगाना सियासत की पिच पर अपनी नई पारी बखूबी खेल रहे हैं.
मोहम्मद अजहरुद्दीन खेल से ज्यादा अपनी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे.
नई दिल्ली. 90 के दशक के भारतीय क्रिकेट में कई कप्तान हुए, लेकिन मोहम्मद अजहरुद्दीन जैसा रुतबा, कलाई का जादू और करिश्मा शायद ही किसी और के पास रहा हो. एक बेहद साधारण और सीधे-साधे पृष्ठभूमि से निकलकर टेस्ट क्रिकेट की अपनी शुरुआती तीन पारियों में लगातार तीन शतक जड़ने वाले अजहर ने पूरी दुनिया को अपना मुरीद बना लिया था. लेकिन उनकी जिंदगी सिर्फ क्रिकेट के रनों और कप्तानी के शबाब तक सीमित नहीं रही. अजहर की निजी जिंदगी प्यार, तकरार, रोमांस, तलाक और शादियों का एक ऐसा कॉकटेल रही, जिसने उन्हें मैदान से ज्यादा विवादों और सुर्खियों के केंद्र में रखा.
मोहम्मद अजहरुद्दीन (Mohammad Azharuddin) का पहला प्यार कोई फिल्मी हस्ती नहीं, बल्कि उनके घर के पास रहने वाली बेहद खूबसूरत और सादगी पसंद लड़की नौरीन (Naureen) थीं. वर्ष 1987 में, जब अजहर देश के हरदिल अजीज क्रिकेटर बन चुके थे, तब 16 वर्ष की नौरीन के साथ उनका निकाह हुआ. उस दौर में अजहर को एक आदर्श बेटे, वफादार पति और स्नेहिल पिता की मिसाल माना जाता था. नौरीन ने अजहर के घर-परिवार और दो बेटों की जिम्मेदारी बेहद सादगी से संभाली. जून 1995 में दिए एक इंटरव्यू में अजहर ने कहा था कि उनका निकाह उनके जीवन का सबसे यादगार पल है और वे दोनों बेहद खुश हैं. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. इस इंटरव्यू के महज एक साल के भीतर 9 साल पुराना यह मजबूत रिश्ता दरकने लगा.
संगीता बिजलानी संग बॉलीवुड रोमांस
अजहर की जिंदगी में बॉलीवुड की प्रसिद्ध मॉडल और अभिनेत्री संगीता बिजलानी की एंट्री हुई. एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान शुरू हुई यह नजदीकी जल्द ही 90 के दशक के सबसे बड़े अफेयर में बदल गई। संगीता के प्यार में गिरफ्तार अजहर ने हैदराबाद जाना तक कम कर दिया. 1996 के इंग्लैंड दौरे पर जब अजहर संगीता को अपने साथ ले गए और शादी का दबाव बढ़ा, तो अजहर ने नौरीन को तलाक दे दिया. हालांकि अजहर के माता-पिता अंत तक नौरीन के साथ खड़े रहे, लेकिन नौरीन के ख्वाब चूर-चूर हो चुके थे. 14 नवंबर 1996 को मुंबई के खार में गुपचुप तरीके से रजिस्ट्रार को घर पर बुलाकर दोनों का निकाह हुआ. शादी से ठीक पहले संगीता ‘आयशा बेगम’ बनीं. हालांकि, ग्लैमर और इश्क के इस रिश्ते की उम्र भी लंबी नहीं रही.
ज्वाला गट्टा की परछाई और दूसरा तलाक
अजहर और संगीता के रिश्ते में अंतिम दरार तब आई, जब अजहर का नाम भारतीय बैडमिंटन स्टार ज्वाला गट्टा के साथ जुड़ने लगा. हालांकि अजहर और ज्वाला दोनों ने ही इन खबरों को अफवाह बताया और इसे केवल एक जान-पहचान और मदद का नाम दिया, लेकिन संगीता को यह स्थिति मंजूर नहीं थी. वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में संगीता ने मुरादाबाद जाकर अजहर के लिए चुनाव प्रचार भी किया था, लेकिन अंदरूनी मनमुटाव बढ़ता गया. आखिरकार 14 साल की शादी के बाद वर्ष 2010 में दोनों ने अदालत में तलाक की अर्जी दी और उनका तलाक हो गया.
तीसरी शादी और सियासत का सफर
संगीता से अलग होने के बाद भी अजहर की पर्सनल लाइफ चर्चा में रही.वर्ष 2013 में उन्हें पेरिस में शैनन मैरी के साथ देखा गया, जिनकी तस्वीरें काफी वायरल हुईं. शुरुआती इनकार के बाद यह माना जाता है कि 2015 से 2017 के बीच अजहर ने कथिततौर पर शैनन मैरी से अपनी तीसरी शादी रचा ली. अजहरुद्दीन ने ट्वीट किया, ‘मेरे तीसरे विवाह करने की खबरें गलत और झूठी हैं. कृपया खबर प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी जांच कर लें.’ मीडिया के एक हिस्से में के उनकी अमेरिका महिला मित्र शैनन मैरी से विवाह की खबरें आईं, जिसके बाद अजहरुद्दीन को खंडन करने आगे आना पड़ा. एक अखबार में प्रकाशित खबर में कहा गया कि अजहरुद्दीन शनिवार को अपने ड्राइवर जान मोहम्मद के निधन पर शोक व्यक्त करने मुंबई स्थित उसके घर गए तो उन्होंने शैनन का अपनी पत्नी बताकर परिचय करवाया था.
क्रिकेट की चकाचौंध से लेकर फिक्सिंग के काले साए, कोर्ट से बरी होने के बाद 2009 में मुरादाबाद से सांसद बनने और फिर तेलंगाना कांग्रेस के बड़े नेता के रूप में अपनी दूसरी पारी खेलने वाले मोहम्मद अजहरुद्दीन का जीवन यह दर्शाता है कि इंसान भले ही दुनिया में कितनी भी सफलता पा ले, लेकिन दिल के मामलों में वफा और सुकून की तलाश अक्सर एक मृगतृष्णा बनकर रह जाती है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.