Last Updated:
6 openers most runs in test cricket: टेस्ट क्रिकेट में नई गेंद का सामना करना सबसे मुश्किल काम माना जाता है. एलिस्टर कुक, सुनील गावस्कर, ग्रीम स्मिथ, डेविड वॉर्नर, मैथ्यू हेडन और वीरेंद्र सहवाग इन 6 दिग्गज ओपनर्स ने न सिर्फ इस चुनौती को स्वीकार किया, बल्कि टेस्ट इतिहास के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम किए. जानिए कैसे इन दिग्गजों ने अपनी अलग-अलग शैली, ठोस तकनीक और आक्रामकता से लाल गेंद की क्रिकेट में रनों का एवरेस्ट खड़ा किया.
वो 6 ओपनर जिन्होंने टेस्ट में सबसे ज्यादा रन बनाए.
नई दिल्ली. रेड बॉल से टेस्ट क्रिकेट का पहला ओवर झेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान काम नहीं होता. नई गेंद की वो स्विंग, पिच की अनिश्चित उछाल और विरोधी गेंदबाजों की आग उगलती गेंदें. ऐसे में पारी की शुरुआत करते हुए रन बनाना केवल तकनीक नहीं बल्कि जिगरे का खेल है. टेस्ट क्रिकेट के लंबे इतिहास में यूं तो कई बल्लेबाज आए, लेकिन सलामी बल्लेबाज के तौर पर कुछ ऐसे दिग्गज हुए जिन्होंने क्रिकेट के इस सबसे मुश्किल रोल को अपनी पहचान बना लिया. आंकड़ों के आइने में झांकें तो 6 ऐसे नाम चमकते हैं, जिन्होंने ओपनर के तौर पर टेस्ट क्रिकेट में रनों का पहाड़ खड़ा किया.
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एलिस्टर कुक (Alistair Cook) इस लिस्ट के बेताज बादशाह हैं. कुक ने अपने करियर के 95 प्रतिशत रन बतौर ओपनर बनाए. उन्होंने कुल 278 टेस्ट पारियों में ओपनिंग करते हुए 11,845 रन का विशाल पहाड़ खड़ा किया. इंग्लैंड की स्विंग होती पिचों पर जहां बड़े-बड़े बल्लेबाज सरेंडर कर देते थे, वहां कुक क्रीज पर खूंटा गाड़कर खड़े रहते थे. उनकी एकाग्रता का कोई सानी नहीं था, और यही वजह है कि वे इस लिस्ट में शीर्ष पर काबिज हैं.
सुनील गावस्कर ने बिना हेलमेट के खौफनाक गेंदबाजों पर किया राज
भारत के ‘लिटिल मास्टर’ सुनील गावस्कर (Sunil Gavaskar) की बात किए बिना टेस्ट क्रिकेट का इतिहास अधूरा है. जब वेस्टइंडीज के खौफनाक तेज गेंदबाज बिना बाउंसर लिमिट के गेंदें फेंकते थे, तब गावस्कर बिना हेलमेट के क्रीज पर उतरते थे. गावस्कर ने अपने करियर के 94.9 प्रतिश रन ओपनर के तौर पर बनाए. उन्होंने बतौर सलामी बल्लेबाज 203 पारियों में 9,607 रन ठोके. उनकी ठोस तकनीक और रक्षात्मक शैली ने आने वाली भारतीय पीढ़ियों को सिखाया कि दुनिया के सबसे खतरनाक अटैक के सामने कैसे टिकना है.
एक कप्तान और योद्धा की दास्तान ग्रीम स्मिथ
दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (Graeme Smith) सिर्फ एक सलामी बल्लेबाज नहीं थे, वे अपनी टीम के सबसे बड़े योद्धा थे. स्मिथ के टेस्ट करियर का 97.5 प्रतिशत हिस्सा ओपनिंग में ही बीता. उन्होंने 196 पारियों में 9,030 रन बनाए. टूटी हुई उंगलियों के साथ भी क्रीज पर डटे रहने वाले स्मिथ की खास बात यह थी कि जब-जब टीम को सबसे ज्यादा जरूरत होती थी, उनकी ओर से एक जुझारू और मैच जिताऊ पारी देखने को मिलती थी.
आक्रामकता से विरोधी टीम को पस्त करने वाला कंगारू ओपनर हैं डेविड वॉर्नर
आधुनिक दौर में टेस्ट क्रिकेट में ओपनिंग की परिभाषा बदलने वाले बल्लेबाजों में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वॉर्नर (David Warner) का नाम सबसे ऊपर आता है. वॉर्नर ने अपने टेस्ट करियर के लगभग पूरे रन यानी 99.6 प्रतिशत रन ओपनर के तौर पर बनाए. 202 पारियों में 8,747 रन बनाने वाले वॉर्नर की आक्रामकता ऐसी थी कि वे पहले ही सत्र में मैच का रुख मोड़ देते थे.
100 प्रतिशत विशुद्ध सलामी बल्लेबाज थे मैथ्यू हेडन
ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज मैथ्यू हेडन (Mathew Hayden) के आंकड़े इस लिस्ट में सबसे अलग और अनोखे हैं. हेडन ने अपने टेस्ट करियर में बतौर ओपनर 100.0 प्रतिशत रन बनाए हैं. यानी उन्होंने जो भी टेस्ट रन बनाए, वो सब पारी की शुरुआत करते हुए ही आए. 184 पारियों में 8,626 रन बनाने वाले हेडन जब अपनी विशाल काया के साथ क्रीज पर आकर गेंदबाजों पर टूटते थे, तो विपक्षी टीमों की सारी रणनीतियां धरी की धरी रह जाती थीं.
मुल्तान के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग का बेखौफ अंदाज
अगर हेडन ने ओपनिंग में आक्रामकता को बढ़ावा दिया, तो भारत के वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) ने इसे एक नया फलसफा बना दिया. सहवाग का नियम साफ था गेंद अगर हिट करने लायक है तो चाहे वो मैच की पहली गेंद हो या दिन की आखिरी, बाउंड्री के पार जाएगी. सहवाग ने अपने करियर के 95.6 प्रतिशत रन ओपनिंग करते हुए बनाए. उन्होंने 170 पारियों में 8,207 रन बटोरे. टेस्ट क्रिकेट में दो ट्रिपल सेंचुरी जड़ने वाले सहवाग ने यह साबित किया कि रक्षात्मक खेल के बिना भी टेस्ट में रनों का अंबार लगाया जा सकता है.
About the Author

कमलेश राय वर्तमान में News18 इंडिया में बतौर चीफ सब-एडिटर कार्यरत हैं. 17 वर्षों से अधिक के अपने सुदीर्घ पत्रकारीय सफर में उन्होंने डिजिटल मीडिया की बारीकियों और खबरों की गहरी समझ के साथ एक विशिष्ट पहचान बनाई ह…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.