Last Updated:
17 year old cricketer suicide: विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन की टीम में चयन न होने से निराश 17 वर्षीय महिला क्रिकेटर ने आत्महत्या कर ली. अदिति चौकांडे मूल रूप से अकोला की रहने वाली थीं और पिछले दो वर्षों से अपनी मां के साथ नागपुर के लक्ष्मी नगर स्थित उमालक्ष्मी अपार्टमेंट की चौथी मंजिल पर रह रही थीं. वह सुर्वे क्रिकेट अकादमी में क्रिकेट का कड़ा प्रशिक्षण ले रही थीं.
महिला क्रिकेटर ने दी जान
नई दिल्ली. नागपुर से एक बेहद झकझोर देने वाली खबर सामने आई है. क्रिकेट की दुनिया में बड़ा नाम कमाने का सपना देखने वाली 17 वर्षीय लड़की ने खुदखुशी से हर किसी को हैरत में छोड़ दिया. विदर्भ क्रिकेट टीम में जगह बनाने के लिए लगातार मेहनत कर रही इस युवा खिलाड़ी ने कथित तौर पर टीम में चयन नहीं होने से निराश होकर आत्महत्या कर ली. पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला है, जिसमें टीम में चयन न होने की बात लिखी गई. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.
घर में मिला शव
यह घटना नागपुर के बजाज नगर थाना क्षेत्र के लक्ष्मी नगर इलाके की है. मूल रूप से महाराष्ट्र के अकोला की रहने वाली अदिति चौखांडे पिछले कुछ समय से अपनी मां और बड़े भाई के साथ नागपुर में रह रही थीं. उनके पिता अकोला में सिविल कॉन्ट्रैक्टर हैं. पुलिस के अनुसार, बुधवार रात अदिति ने अपनी मां के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में चली गईं. गुरुवार सुबह उनका शव फंदे से लटका मिला. घटना के समय उनके भाई प्रबल चौखांडे शहर से बाहर थे. प्रबल खुद भी एक उभरते हुए क्रिकेटर हैं.
सुसाइड नोट में लिखा भावुक संदेश
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है. पुलिस के मुताबिक, नोट में अदिति ने अपने माता-पिता को गौरवान्वित करने की इच्छा जताई और टीम में चयन नहीं होने का दुख व्यक्त किया. नोट में कथित तौर पर लिखा था, ‘दादा, तुम बहुत अच्छा खेलते हो. तुम बहुत बड़े खिलाड़ी बनोगे. मम्मी-पापा का नाम रोशन करना. मुझे दुख है कि मेरा चयन नहीं हुआ.’
हाल ही में 12वीं पास की थी
अदिति ने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी. वह पेशेवर क्रिकेटर बनने का सपना देख रही थीं और अपने भाई के साथ नियमित रूप से क्रिकेट का अभ्यास करती थीं. प्रारंभिक जांच के अनुसार, वह हाल ही में एक बड़े स्तर की टीम के चयन में जगह नहीं बना सकी थीं, जिसके बाद वह निराश थीं.
पुलिस ने क्या कहा?
बजाज नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. बजाज नगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चेतन चौहान ने बताया कि ऐसा लगता है कि बड़ी टीम में चयन नहीं होने की निराशा के कारण अदिति ने यह कदम उठाया. फिलहाल आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी.
(डिस्क्लेमर: अगर आप या आपका कोई परिचित शख्स डिप्रेशन में है और मन में खुद को नुकसान पहुंचाने का विचार आ रहा है या कोई खुद को नुकसान पहुंचाने कोशिश कर रहा है. तो ये एक बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन नंबर 18002333330 पर संपर्क करें. ताकि एक कीमती जीवन को बचाया जा सके.)
About the Author

परिचय
शिवम उपाध्याय एक खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट उनकी विशेषज्…
और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.