Last Updated:
Japan Asain Games: जापान एशियन गेम्स के शुरू होने में अब कुछ दिन का ही समय बचा है, लेकिन उससे पहले भारतीय क्रिकेट टीम को लेकर यहां की गई ठहरने की व्यवस्था पर कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है. बीसीसीआई खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था को लेकर आपत्ति जता चुका है, लेकिन भारतीय ओलंपिक संघ ने किसी भी बदलाव से साफ मना किया है.
भारतीय क्रिकेट टीम
नई दिल्ली: जापान एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम के ठहरने की व्यवस्था पर भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) ने बीसीसीआई को जवाब दिया है. आईओए ने साफ तौर पर कहा है कि बीसीसीआई चाहे तो क्रिकेटरों के लिए अलग से ठहरने का इंतजाम कर सकता है. भारतीय ओलंपिक संघ क्रिकेट के लिए एशियन गेम्स में अलग से आवास की व्यवस्था नहीं मांगेगा. ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ से बातचीत में आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रघुराम अय्यर ने यह जानकारी दी है.
रघुराम अय्यर ने साफ तौर पर कहा है कि यदि बीसीसीआई यह तय करता है कि उसके क्रिकेटरों को आइची-नागोया में एशियन गेम्स के आधिकारिक होटलों से बाहर ठहरना चाहिए, तो बोर्ड को होटल, खाना, ट्रांसपोर्ट और यह सुनिश्चित करने की पूरी जिम्मेदारी उठानी होगी कि उसके खिलाड़ी समय पर मैदान पर पहुंचें. बीसीसीआई अपनी व्यवस्था करने के लिए स्वतंत्र है, लेकिन लॉजिस्टिक्स की पूरी जिम्मेदारी भी उसी को उठानी होगी.
सभी एथलीटों के साथ होगा समान व्यवहार – IOA
रघुराम अय्यर ने जोर देकर कहा कि आईओए का काम 36 खेलों में शामिल पूरे भारतीय दल के साथ समान व्यवहार सुनिश्चित करना है. अय्यर ने कहा, “BCCI के सीईओ हेमांग अमीन ने हमसे संपर्क किया था और हमारी एक सार्थक चर्चा हुई. वे सुविधाओं का आकलन करने के लिए जापान में एक एडवांस टीम भेजने पर विचार कर रहे हैं. आईओए को इससे किसी प्रकार की कोई आपत्ति नहीं है. अपने आकलन के आधार पर वे यह तय कर सकते हैं कि वे आयोजकों की सुविधाओं का उपयोग करना चाहते हैं या अपनी खुद की व्यवस्था करना चाहते हैं. आईओए द्वारा सभी खेलों, एथलीटों, कोचों और पूरे प्रतिनिधिमंडल के साथ समान व्यवहार किया जाता है. किसी को वीआईपी ट्रीटमेंट नहीं दिया जाता है.”
रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय पुरुष टीम को तीन सितारा ‘एपीए होटल नागोया एकामाए’ आवंटित किया गया है, जबकि महिला टीम को चार सितारा ‘मेइतेत्सु ग्रैंड होटल’ मिला है. हालांकि, दोनों होटल उस पांच सितारा श्रेणी से एक स्तर नीचे हैं, जिसके भारत के खिलाड़ी आमतौर पर आदी हैं. इसके अलावा, ट्विन-शेयरिंग कमरे, जिनमें दो खिलाड़ी एक साथ रहेंगे, यह भी विवाद का एक बड़ा कारण बन गया है.
About the Author

जितेंद्र कुमार डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में बीते 10 सालों से सक्रिय हैं. वर्तमान में वह नेटवर्क 18 समूह के साथ बतौर चीफ सब एडिटर जुड़े हैं और हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में अपनी…
और पढ़ें


