Bank Jobs 2026: बैंक में नौकरी पाने का शानदार मौका, 90 हजार से ज्यादा मिलेगी सैलरी; भरे जाएंगे इतने पद
यूको बैंक ने बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी भर्ती निकाली है. बैंक ने जनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है. यह भर्ती जूनियर मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-I (JMGS-I) और मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल-II (MMGS-II) के तहत की जाएगी. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 173 पदों को भरा जाएगा. खास बात यह है कि इस भर्ती में बैंकिंग, फाइनेंस, अकाउंटिंग और आईटी से जुड़े कई अहम पद शामिल हैं, जिससे अलग-अलग शैक्षणिक पृष्ठभूमि वाले उम्मीदवारों को मौका मिलेगा.
यूको बैंक की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 13 जनवरी 2026 से शुरू हो चुकी है. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 2 फरवरी 2026 तक आवेदन कर सकते हैं. आवेदन केवल ऑनलाइन मोड में ही स्वीकार किए जाएंगे. जो उम्मीदवार ग्रेजुएट हैं, चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं या इंजीनियरिंग और आईटी बैकग्राउंड से आते हैं, उनके लिए यह भर्ती अच्छा मौका साबित हो सकती है. आवेदन के साथ ही शुल्क भुगतान की प्रक्रिया भी 2 फरवरी तक पूरी करनी होगी.
किन पदों पर हो रही है भर्ती?
इस भर्ती अभियान के तहत यूको बैंक में जनरलिस्ट और स्पेशलिस्ट ऑफिसर के कुल 173 पद भरे जाएंगे. इनमें ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर, ट्रेजरी ऑफिसर, चार्टर्ड अकाउंटेंट, नेटवर्क एडमिनिस्ट्रेटर, डाटाबेस और सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर, सॉफ्टवेयर डेवलपर, क्लाउड इंजीनियर, एआई और एमएल इंजीनियर, डेटा एनालिस्ट, डेटा साइंटिस्ट और साइबर सिक्योरिटी ऑफिसर जैसे पद शामिल हैं. इसके अलावा डेटा प्राइवेसी और डेटा इंजीनियर जैसे आधुनिक और मांग वाले पद भी इस भर्ती में रखे गए हैं.
शैक्षणिक योग्यता क्या चाहिए?
हर पद के लिए अलग-अलग योग्यता और अनुभव तय किया गया है. ट्रेड फाइनेंस ऑफिसर के लिए ग्रेजुएशन के साथ एमबीए या पीजीडीएम होना जरूरी है और कम से कम एक साल का अनुभव भी मांगा गया है. ट्रेजरी ऑफिसर के लिए ग्रेजुएशन के साथ एमबीए जरूरी है और उम्मीदवार के पास कम से कम तीन साल का बैंकिंग या ट्रेजरी अनुभव होना चाहिए.
चार्टर्ड अकाउंटेंट पद के लिए आईसीएआई से सीए पास होना जरूरी है. जूनियर स्केल के लिए एक साल और मिडिल स्केल के लिए तीन साल का अनुभव अनिवार्य है. आईटी और टेक्निकल पदों के लिए बीटेक, बीई, एमसीए या कंप्यूटर साइंस से जुड़ी डिग्री होनी चाहिए और कम से कम एक साल का अनुभव होना जरूरी है. वहीं, डेटा से जुड़े पदों के लिए डेटा साइंस, आईटी या स्टैटिस्टिक्स में डिग्री और तीन साल का अनुभव मांगा गया है.
आयु सीमा क्या है?
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी. JMGS-I पदों के लिए आयु सीमा 20 से 30 वर्ष तय की गई है, जबकि MMGS-II पदों के लिए 22 से 35 वर्ष की आयु रखी गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी. एससी और एसटी वर्ग को 5 वर्ष, ओबीसी को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट मिलेगी.
कितना मिलेगा वेतन?
यूको बैंक में चयनित अधिकारियों को आकर्षक वेतन और कई तरह के भत्ते मिलेंगे. JMGS-I स्केल में चयनित उम्मीदवारों को लगभग 48,480 रुपये के बेसिक पे से वेतन मिलेगा, जो समय के साथ बढ़कर करीब 85,920 रुपये तक पहुंच सकता है. वहीं MMGS-II स्केल के अधिकारियों को 64,820 रुपये के बेसिक पे से वेतन मिलेगा, जो आगे चलकर करीब 93,960 रुपये तक जा सकता है.
कैसे करें आवेदन?
यूको बैंक की इस भर्ती के लिए आवेदन करना पूरी तरह आसान है. उम्मीदवार सबसे पहले यूको बैंक की आधिकारिक वेबसाइट uco.bank.in पर जाएं. वहां करियर सेक्शन में जाकर भर्ती से जुड़ा लिंक खोलें. इसके बाद नया रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन करके आवेदन फॉर्म भरें. मांगी गई सभी जानकारियां सही-सही भरें और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें. अंत में ऑनलाइन माध्यम से शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें और उसकी एक कॉपी रख लें.
यह भी पढ़ें : NEET PG में -40 नंबर लाने वाले भी बन जाएंगे डॉक्टर, जानें किन कैंडिडेट्स को मिलेगा इसका फायदा
Education Loan Information:
Calculate Education Loan EMI
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
