Last Updated:
Pakistan Fielding Coach Shane McDermott Resigns: पाकिस्तान की टीम कल यानी 13 जुलाई को वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होगी. इससे ठीक एक दिन पहले टीम के फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने इस्तीफा देकर खलबली मचा दी है. हालांकि, इसे लेकर पीसीबी की और से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. उनकी जगह मंसूर अमजद के जिम्मेदारी संभालने की संभावना जताई जा रही है.
शेन मैकडरमॉट ने फील्डिंग कोच पद से दिया इस्तीफा.
नई दिल्ली. एक तरफ बाबर आजम को फिर से पाकिस्तान टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है, तो दूसरी ओर विदेशी फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने अचानक इस्तीफा देकर सबको चौंका दिया. खास बात यह है कि वेस्टइंडीज और इंग्लैंड के अहम दौरे से ठीक पहले आया यह फैसला कई सवाल खड़े कर रहा है. हालांकि, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अब तक उनके इस्तीफे की वजह नहीं बताई है. पाकिस्तान बोर्ड ने हाल ही में शान मसूद की जगह बाबर आजम को फिर से टेस्ट टीम की कमान सौंपने का बड़ा फैसला लिया, जिसे लेकर काफी आलोचना भी हुई.
शेन मैकडरमॉट ने छोड़ा टीम का साथ
पाकिस्तान की टीम सोमवार को वेस्टइंडीज दौरे के लिए रवाना होने वाली है, जहां उसे दो टेस्ट मैच खेलने हैं. इसके बाद टीम इंग्लैंड के खिलाफ तीन टेस्ट मैचों की सीरीज खेलेगी. इन दोनों अहम दौरों से पहले ही फील्डिंग कोच शेन मैकडरमॉट ने अपना पद छोड़ दिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह किसी भी दौरे पर टीम के साथ नहीं जाएंगे.
कौन संभालेगा जिम्मेदारी?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान शाहीन्स और अंडर-19 टीम के फील्डिंग कोच मंसूर अमजद को शेन मैकडरमॉट की जगह जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है. मंसूर पिछले कुछ समय से पाकिस्तान की जूनियर टीमों के साथ काम कर रहे हैं और बोर्ड उन्हें सीनियर टीम में प्रमोट करने की तैयारी में है.
एक साल पहले ही बने थे फील्डिंग कोच
शेन मैकडरमॉट ने 2025 में मोहम्मद मसरूर की जगह पाकिस्तान टीम के फील्डिंग कोच का पद संभाला था. उनका पहला असाइनमेंट जुलाई 2025 में बांग्लादेश के खिलाफ टी20 सीरीज था. पाकिस्तान से जुड़ने से पहले वह तीन साल तक बांग्लादेश टीम के सहायक फील्डिंग कोच रहे. इसके अलावा श्रीलंका क्रिकेट टीम के साथ भी उन्होंने तीन साल तक इसी भूमिका में काम किया था.
विदेशी कोचों के इस्तीफे का सिलसिला जारी
पाकिस्तान क्रिकेट में विदेशी कोचों और सपोर्ट स्टाफ का अचानक पद छोड़ना कोई नई बात नहीं है. पिछले कुछ वर्षों में कई बड़े नाम बीच कार्यकाल में टीम से अलग हो चुके हैं. टीम के पूर्व मुख्य कोच गैरी कर्स्टन ने इस्तीफा दिया था. जेसन गिलेस्पी ने भी अपना पद छोड़ दिया था. ट्रेनर और फिजियो क्लिफ डीकन भी टीम से अलग हो गए थे. इससे पहले 2019 में स्टीव रिक्सन ने भी बोर्ड के साथ मतभेदों के बाद इस्तीफा दे दिया था. अब इस सूची में शेन मैकडरमॉट का नाम भी जुड़ गया है.
PCB ने नहीं बताई वजह
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अब तक मैकडरमॉट के इस्तीफे की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है. ऐसे में यह फैसला कई तरह की अटकलों को जन्म दे रहा है. उधर टीम की कप्तानी में बदलाव और इधर सपोर्ट स्टाफ में लगातार फेरबदल ने एक बार फिर पाकिस्तान क्रिकेट के कामकाज पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
वेस्टइंडीज और इंग्लैंड दौरा रहेगा बड़ी परीक्षा
पाकिस्तान के सामने अब लगातार दो चुनौतीपूर्ण विदेशी टेस्ट सीरीज हैं. ऐसे समय में सपोर्ट स्टाफ में बदलाव टीम की तैयारियों पर असर डाल सकता है. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि नए फील्डिंग कोच के साथ पाकिस्तान टीम इन दोनों दौरों में कैसा प्रदर्शन करती है और PCB इस ताजा इस्तीफे पर आधिकारिक रूप से क्या सफाई देता है.
About the Author

शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
