सनातन धर्म में तुलसी के पौधे को बेहद पवित्र और पूजनीय माना गया है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार यह केवल एक पौधा नहीं, बल्कि घर में सकारात्मक ऊर्जा, सुख-समृद्धि और शुभता का प्रतीक है। हालांकि वास्तु शास्त्र में तुलसी को सही दिशा और उचित स्थान पर रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है। मान्यता है कि गलत जगह पर रखा गया तुलसी का पौधा अपेक्षित शुभ फल नहीं दे पाता।
इन जगहों पर न रखें तुलसी का पौधा
- वास्तु शास्त्र के अनुसार तुलसी का पौधा दक्षिण दिशा में लगाने से बचना चाहिए। धार्मिक मान्यता है कि यह दिशा यम से जुड़ी मानी जाती है। तुलसी के लिए उत्तर, पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा अधिक शुभ मानी गई है, जहां इसे पर्याप्त धूप और सकारात्मक वातावरण भी मिलता है।।
- बेडरूम में तुलसी रखने की सलाह नहीं दी जाती, क्योंकि इसे पूजा और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है। वहीं रसोई में गैस, धुआं और अधिक गर्मी होने के कारण भी यह स्थान उपयुक्त नहीं माना जाता। तुलसी के लिए खुली हवा और प्राकृतिक रोशनी वाली जगह बेहतर मानी जाती है।
- धार्मिक मान्यताओं के अनुसार बाथरूम या टॉयलेट के पास तुलसी का पौधा नहीं रखना चाहिए। इसके अलावा मुख्य दरवाजे के ठीक सामने भी इसे लगाने से बचने की सलाह दी जाती है। मान्यता है कि इससे द्वार वेध दोष लग सकता है। बेहतर माना जाता है कि तुलसी को मुख्य द्वार से थोड़ा हटकर रखा जाए।
- तुलसी के पौधे को जूते-चप्पलों या उनके रैक के आसपास रखना उचित नहीं माना जाता। यह पौधा श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है, इसलिए इसके आसपास साफ-सफाई और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखने की सलाह दी जाती है।
- वास्तु शास्त्र में तुलसी के पास कैक्टस, कांटेदार या सफेद दूध निकलने वाले पौधे रखने से भी बचने की सलाह दी गई है। मान्यता है कि ऐसे पौधे सकारात्मक ऊर्जा के प्रवाह को प्रभावित कर सकते हैं।
तुलसी की देखभाल भी जरूरी
- तुलसी को हमेशा ऐसी जगह रखें जहां पर्याप्त धूप और ताजी हवा मिलती हो।
- सूखे हुए तुलसी के पौधे को लंबे समय तक घर में नहीं रखना चाहिए।
- इस पवित्र पौधे के आसपास कूड़ादान, झाड़ू या गंदगी वाली वस्तुएं रखने से बचें।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। इंडिया टीवी एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)
ये भी पढ़ें: सावन में इस फूल से करें शिव आराधना, अपराजिता के उपाय दिलाएंगे महादेव की कृपा, खुलेंगे उन्नति के रास्ते
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
