मैच की शुरुआत भारत के लिए टॉस जीतने के साथ हुई. कप्तान नमन ओझा ने बिना किसी हिचकिचाहट के पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. पाकिस्तान पैंथर्स की ओर से पारी का आगाज करने कप्तान इमरान नजीर के साथ याशिर भट मैदान में उतरे. हालांकि, भारत को पहली सफलता हासिल करने में ज्यादा देर नहीं लगी. तेज गेंदबाज मनप्रीत गोनी ने याशिर भट को महज 6 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजकर पाकिस्तान को पहला झटका दिया.
भारत ने पाकिस्तान को दो विकेट से हराया.
शुरुआती झटके के बाद कप्तान इमरान नजीर ने खुद मोर्चा संभाला. उन्होंने भारतीय गेंदबाजों पर आक्रामक प्रहार करते हुए 29 गेंदों में शानदार 47 रनों की पारी खेली. वे अपने अर्धशतक से महज तीन रन दूर थे कि सुबोध भाटी ने उन्हें आउट कर पाकिस्तान की लय को तोड़ा. मध्यक्रम में तौफीक उमर और इबरार अता ने पारी को मजबूती दी. तौफीक ने 27 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 39 रन बनाए, जबकि इबरार ने भी 36 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 39 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया.
एक समय पाकिस्तान एक विशाल स्कोर की तरफ बढ़ता दिख रहा था, लेकिन भारतीय स्पिनर शादाब जकाती ने मध्यक्रम में शिकंजा कसा. शादाब ने राणा अनवर को बिना खाता खोले ही शून्य पर चलता कर दिया. इसके बाद याशिर शाह भी 12 गेंदों में 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. अंत में हसन रजा के नाबाद 2 रन और हमजा अली के 3 गेंदों पर 8 रनों की मदद से पाकिस्तान पैंथर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 167 रनों का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया.
भारत के लिए गेंदबाजी में सुबोध भाटी सबसे सफल रहे, जिन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 2 विकेट लिए. शादाब जकाती ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 32 रन देकर 2 सफलताएं हासिल कीं. मनप्रीत गोनी को 3 ओवर में 18 रन देकर 1 विकेट और ऋषि धवन को 4 ओवर में 38 रन देकर 1 विकेट मिला. अनुरित सिंह ने भी 4 ओवर में महज 22 रन देकर काफी कसी हुई गेंदबाजी की, हालांकि उन्हें कोई विकेट नहीं मिला.
ऋषि धवन का बल्ला और अनुरित का मैच-फिनिशिंग अंदाज
168 रनों का पीछा करने उतरी इंडियन रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. कप्तान और सलामी बल्लेबाज नमन ओझा सिर्फ 4 रन बनाकर मोहम्मद इरफान का शिकार बन गए. इसके बाद क्रीज पर आए अभिषेक जटोला ने कुछ आकर्षक शॉट्स खेले. जटोला ने 21 गेंदों में 3 छक्के और 2 चौके जड़कर 31 रन बनाए और भारत के रन रेट को संभाला, लेकिन वे भी इरफान की गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे.
इसके बाद मैच का असली रोमांच शुरू हुआ, जब ऋषि धवन और सुबोध भाटी ने मिलकर मोर्चा संभाला. ऋषि धवन ने पाकिस्तान के गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया और मैदान के चारों तरफ रन बनाए. उन्होंने महज 32 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. धवन 33 गेंदों पर 50 रनों की आतिशी पारी सुनकर आउट हुए. दूसरे छोर पर सुबोध भाटी ने भी बल्ले से कमाल दिखाया और 29 गेंदों पर 46 रनों की बहुमूल्य पारी खेलकर भारत को जीत के बेहद करीब पहुंचा दिया.
पाकिस्तान के लिए मोहम्मद इरफान, अली राहत और याशिर शाह ने 2-2 विकेट लेकर आखिरी ओवरों में भारत पर दबाव बना दिया था. वहीं राणा अनवर और इमरान नजीर को 1-1 सफलता मिली. जब फरमान अहमद शून्य और शादाब 4 रन बनाकर आउट हुए, तो मैच में पाकिस्तान की उम्मीदें जाग उठी थीं.
लेकिन इस मुश्किल परिस्थिति में अनुरित सिंह ने बिना किसी दबाव के संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया. उन्होंने मात्र 4 गेंदों पर नाबाद 12 रन ठोक दिए और 17.3 ओवर में ही भारत का स्कोर 8 विकेट पर 169 रन तक पहुंचाकर टीम को 2 विकेट से यादगार जीत दिला दी.
जीत के नायक
गेंदबाजी में 1 विकेट और दबाव के क्षणों में मात्र 33 गेंदों पर 50 रनों की मैच जिताऊ पारी खेलने वाले ऋषि धवन को उनकी शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. एशियन लीजेंड्स लीग 2026 में भारतीय टीम का यह प्रदर्शन साबित करता है कि अनुभव और धैर्य का यह मेल किसी भी मुकाबले का रुख पलट सकता है.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.