टाटा सिएरा ने आते ही बाजार में लगा दी ‘आग’, 1 दिन में 70,000 बुकिंग, क्रेटा और सेल्टोस का क्या होगा?
Tata Sierra Booking- टाटा सिएरा की बुकिंग टाटा की आधिकारिक डीलरशिप या वेबसाइट के जरिए की जा सकती है. बुकिंग खुलने के पहले ही दिन 70 हजार लोगों ने टाटा कि इस धांसू गाड़ी को बुक किया. बुकिंग अमाउंट 21 हजार रुपये है.
टाटा सिएरा की बुकिंग शुरू हो गई है. टाटा सिएरा की बुकिंग टाटा की आधिकारिक डीलरशिप या वेबसाइट के जरिए की जा सकती है. इसके लिए ₹21,000 बुकिंग राशि के रूप में देने होंगे जो जो गाड़ी की फाइनल कीमत में एडजस्ट हो जाएगी. मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में टाटा सिएरा की सीधी टक्कर हुंडई क्रेटा (Hyundai Creta), किआ सेल्टोस (Kia Seltos), मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा, टोयोटा हायराइडर और मारुति की नई विक्टोरिस से होगी. पहले दिन की बुकिंग को देखते हुए लगता है कि सिएरा ने अपने प्रतिद्वंद्वियों के लिए खतरे की घंटी बजा दी है.
टाटा सिएरा डिजाइन और फीचर्स
नई सिएरा का डिजाइन मस्कुलर है. इसमें एक लंबा और मजबूत एसयूवी स्टांस दिया गया है, जो इसे एक अलग पहचान देता है. इंटीरियर की बात करें तो इसमें ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड है. इसमें 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 12.3-इंच का इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और को-पैसेंजर (Co-passenger) के लिए 12.3-इंच का अलग डिस्प्ले दिया गया है. इसमें डॉल्बी एटमॉस के साथ JBL का 12-स्पीकर ऑडियो सिस्टम और डैश-माउंटेड साउंडबार है. कंपनी का दावा है कि सिएरा में इस सेगमेंट की सबसे बड़ी पैनोरमिक सनरूफ दी गई है. 19-इंच के अलॉय व्हील्स और एम्बिएंट लाइटिंग इसे और प्रीमियम लुक देते हैं.
टाटा सिएरा इंजन और परफॉर्मेंस
टाटा सिएरा को तीन अलग-अलग इंजन विकल्पों के साथ पेश किया गया है, जो हर तरह के ड्राइवर की जरूरत को पूरा करते हैं.
- 1.5-लीटर हाइपेरियन T-GDi पेट्रोल: यह सबसे शक्तिशाली इंजन है, जो 160PS की पावर और 255Nm का टॉर्क देता है. यह केवल 6-स्पीड टॉर्क कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आता है.
- 1.5-लीटर रेवोट्रॉन पेट्रोल: यह नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन 106PS पावर और 145Nm टॉर्क जनरेट करता है. इसमें मैनुअल और 7-स्पीड ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक (DCA) का विकल्प है.
- 1.5-लीटर क्रायोजेट डीजल: डीजल प्रेमियों के लिए यह इंजन 118PS पावर और 280Nm तक का टॉर्क देता है. यह मैनुअल और ऑटोमैटिक दोनों गियरबॉक्स में उपलब्ध है.
टाटा सिएरा सेफ्टी और स्पीड
सिएरा में लेवल 2+ ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) के तहत 22 सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. परफॉर्मेंस को साबित करने के लिए टाटा ने इंदौर के नाट्रैक्स (NATRAX) ट्रैक पर किए गए परीक्षणों के आंकड़े भी साझा किए. सिएरा हाइपेरियन पेट्रोल ऑटोमैटिक ने 29.9 किमी प्रति लीटर का माइलेज दर्ज किया. हाई-स्पीड टेस्ट में इसने 222 किमी प्रति घंटे की टॉप स्पीड हासिल की. हालांकि ग्राहकों को मिलने वाली गाड़ियों की टॉप स्पीड सुरक्षा कारणों से 190 किलोमीटर प्रति घंटा तक ही सीमित रहेगी.
टाटा सिएरा कीमत और वेरिएंट्स
टाटा सिएरा की एक्स-शोरूम कीमत ₹11.49 लाख से शुरू होकर टॉप मॉडल के लिए ₹21.29 लाख तक जाती है. यह कुल 7 वेरिएंट्स—स्मार्ट+, प्योर, प्योर+, एडवेंचर, एडवेंचर+, अकम्प्लिश्ड और अकम्प्लिश्ड+ में उपलब्ध है.
Discover more from News Link360
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
